एनएसटी न्यूज, भोपाल। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम पर चल रही 11 मैचों की फ्रेंडली हॉकी सीरीज़ में अर्जुन शर्मा एकादश ने एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन किया। शुक्रवार को खेले गए छठे मैच में अर्जुन एकादश ने अंकित पाल एकादश को 2-1 से हराया। मुकाबले की मुख्य अतिथि दर्पण मिनी स्टेडियम की पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी कुमारी रितु अनामिका तिर्की रहीं।
ध्रुव और अभिषेक के गोल से मिली जीत
मैच की शुरुआत से ही अर्जुन शर्मा एकादश ने आक्रामक खेल दिखाया। 11वें मिनट में ध्रुव शर्मा ने मैदानी गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि, जल्द ही अंकित पाल एकादश ने वापसी करते हुए अमन बाल्मिक और वंश श्रीवास्तव के संयुक्त प्रयास से पेनल्टी कार्नर हासिल किया, जिसे रिहान कुरैशी ने गोल में बदलकर स्कोर बराबर कर दिया। मैच के अंतिम क्षणों में अर्जुन एकादश के अभिषेक भगत ने निर्णायक गोल दागकर टीम को 2-1 से जीत दिलाई।
फाइनल मुकाबले की तैयारी शुरू
प्रतियोगिता के आयोजन सचिव अविनाश भटनागर ने बताया कि यह 11 मैचों की फ्रेंडली सीरीज़ अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। जल्द ही फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें सीरीज़ की विजेता और उपविजेता टीमों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के वर्तमान खिलाड़ियों के बीच यह सीरीज़ न केवल प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ा रही है, बल्कि नई प्रतिभाओं को निखारने का भी अवसर दे रही है।

