एनएसटी न्यूज, भोपाल। पंजाब के पटियाला स्थित न्यू मोती बाग गन क्लब में 3 से 10 अक्टूबर तक हुई XXXIV ऑल इंडिया जी.वी. मावलंकर शूटिंग चैम्पियनशिप (शॉटगन) में मध्यप्रदेश के निशानेबाज़ों ने शानदार प्रदर्शन किया। देशभर से आए खिलाड़ियों में एमपी के शूटरों ने अपना लोहा मनवाते हुए कुल 12 पदक जीते। इनमें 6 स्वर्ण, 3 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं। इस उपलब्धि से प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर गर्व से ऊँचा हुआ है। प्रतियोगिता के दौरान मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने अनुशासन, एकाग्रता और सटीक निशाने से दर्शकों और निर्णायकों का दिल जीत लिया।
महिला और पुरुष वर्ग दोनों में एमपी का जलवा
महिला स्कीट इवेंट में भोपाल की स्रजल सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूथ, जूनियर और सीनियर तीनों वर्गों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं अनुष्का लोवंश ने तीनों वर्गों में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। पुरुष वर्ग में आयान वराही ने भी कमाल दिखाया और यूथ, जूनियर व सीनियर तीनों वर्गों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उनके साथी शार्दुल सेन ने इन्हीं तीनों वर्गों में रजत पदक जीतकर मध्यप्रदेश की जीत को और मजबूत किया। इन चारों खिलाड़ियों के संयुक्त प्रदर्शन ने एमपी को कुल 12 पदक दिलाए, जो किसी भी राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है।
खेल मंत्री ने दी बधाई, अकादमी का बड़ा योगदान
मध्यप्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि “मध्यप्रदेश के युवा निशानेबाज़ों ने देशभर में प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी मेहनत और लगन से यह सफलता संभव हुई है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएँ देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।” इन सभी विजेताओं ने भोपाल स्थित राज्य शूटिंग अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएँ, अनुभवी कोचों का मार्गदर्शन और सतत अभ्यास इस सफलता की नींव रहे हैं। यह उपलब्धि बताती है कि सही मार्गदर्शन और परिश्रम से कोई भी खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर चमक सकता है और मध्यप्रदेश खेलों की नई राजधानी बनकर उभर रहा है।

