नई दिल्ली: महिला वर्ल्ड कप 2025 के 11वें मुकाबले में शुक्रवार को न्यूजीलैंड और बांग्लादेश की टीमें आमने-सामने हुईं। लगातार दो मैच हारकर टूर्नामेंट में उतरी कीवी टीम ने इस बार शानदार वापसी की और बांग्लादेश को 100 रनों के बड़े अंतर से हराया। इस धमाकेदार जीत के साथ न्यूजीलैंड ने न केवल टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की, बल्कि अंक तालिका में भी तेजी से छलांग लगाते हुए सातवें से सीधे पांचवें स्थान पर पहुंच गई। दूसरी ओर, पाकिस्तान को हराकर और इंग्लैंड को कड़ी टक्कर देकर मजबूत शुरुआत करने वाली बांग्लादेश की टीम अब छठे स्थान पर फिसल गई है। न्यूजीलैंड की इस जीत ने अंक तालिका की स्थिति को दिलचस्प बना दिया है और भारत सहित अन्य टीमों के लिए आगे की राह और चुनौतीपूर्ण कर दी है।
वहीं न्यूजीलैंड की जीत से टीम इंडिया के लिए भी खतरे की घंटी बज गई है। क्योंकि भारत ने जिस तरह साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपना तीसरा मैच गंवाया, उसके बाद निश्चित ही टीम के हौसले को बड़ा झटका लगा होगा। इतना ही नहीं जब आपका अगला मैच सात बार की वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से हो तो तनाव और ज्यादा बढ़ जाता है। इतना ही नहीं ऑस्ट्रेलिया के बाद इंग्लैंड और फिर न्यूजीलैंड जिसने आज अपना असली फॉर्म दिखाया। यानी भारतीय टीम को अगर सेमीफाइनल में जगह बनानी है तो कुछ विशेष करना होगा।
भारतीय टीम रविवार को अपना चौथा मैच ऑस्ट्रेलिया से खेलेगी। भारत की 19 अक्टूर को इंग्लैंड और फिर 23 अक्टूबर को न्यूजीलैंड से टक्कर होगी। आने वाले तीनों मुकाबले भारत के लिए बड़ा खतरा लेकर आएंगे। खासतौर से आज जैसे न्यूजीलैंड ने वापसी की उसे देखते हुए हल्के में आप नहीं ले सकते। अगर भारत ने अगले तीन मुश्किल मुकाबलों में से एक या दो भी गंवा दिए तो टीम के लिए सेमीफाइनल की राह बेहद मुश्किल हो सकती है। अभी भारत 3 में से दो जीत और एक हार के बाद तीसरे स्थान पर है। जबकि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड ही ऐसी टीमें हैं जो अभी तक एक भी मैच नहीं हारी हैं।
लगातार हारों के बाद पाकिस्तान टेबल में सबसे नीचे कायम
अगर पॉइंट्स टेबल की बात करें तो बांग्लादेश अब छठे स्थान पर खिसक गया है, जबकि श्रीलंका सातवें स्थान पर मौजूद है। वहीं, पाकिस्तान की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है — तीनों शुरुआती मुकाबले हारने के बाद वह अब भी आठवें और आखिरी स्थान पर बरकरार है। पाकिस्तान को पहले मैच में बांग्लादेश ने हराया था, जिसके बाद भारत और ऑस्ट्रेलिया से भी उसे शिकस्त झेलनी पड़ी। अब पाकिस्तान का अगला मुकाबला 15 अक्टूबर को इंग्लैंड से होगा, जहां हार की सूरत में उसके लिए सेमीफाइनल की राह लगभग नामुमकिन हो जाएगी। टूर्नामेंट के लीग चरण के अंत में अंक तालिका की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी, ऐसे में अब हर मुकाबला निर्णायक होता जा रहा है।
न्यूजीलैंड बनाम बांग्लादेश मैच का हाल
इस मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 227 रन बनाए। कीवी टीम की तरफ से कप्तान सोफी डिवाइन ने 63 और ब्रूक हैलीडे ने 69 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। खास बात यह रही कि सोफी डिवाइन ने इस पारी में 2 छक्के लगाकर महिला वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का नया रिकॉर्ड कायम किया। जवाब में बांग्लादेश की टीम 127 रन ही बना सकी और 100 रनों से मैच हार गई। न्यूजीलैंड की गेंदबाजी में जेस कर और ली ताहुहू ने 3-3 विकेट लिए, जबकि रोजमेरी मेयर ने 2 और एमेली कर व एडन कार्सन ने 1-1 विकेट अपने नाम किए। इस प्रदर्शन से न्यूजीलैंड ने जोरदार जीत दर्ज की।

