एनएसटी न्यूज, भोपाल. राजधानी भोपाल के प्रकाश तरण पुष्कर में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय सब-जूनियर और जूनियर एक्वाथलॉन प्रतियोगिता रविवार को संपन्न हुई। प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय ट्रायथलॉन संघ द्वारा किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पशुपालन एवं डेयरी मंत्री लखन पटेल रहे, जिन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। मंत्री पटेल ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं में खेल भावना और अनुशासन को बढ़ावा देती हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता राकेश गुप्ता, संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने की।

देशभर से खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
10 से 12 अक्टूबर तक चली इस प्रतियोगिता में देश के 23 राज्यों से 184 खिलाड़ी, 46 कोच व मैनेजर और 50 तकनीकी अधिकारी शामिल हुए। पहले दिन के मुकाबलों में मणिपुर के धनंजय मिताई ने सब-जूनियर बॉयज वर्ग में स्वर्ण पदक, महाराष्ट्र के वरुण राज डोंगल ने रजत, और कर्नाटक के शिवराम मधीरा ने कांस्य पदक जीता। बालिका वर्ग में महाराष्ट्र की ईश्वरी कालमेघ ने स्वर्ण, ऋतुजा चार्य ने रजत, जबकि मध्यप्रदेश की मनवा पावले ने कांस्य पदक अपने नाम किया। मनवा पावले मध्यप्रदेश ट्रायथलॉन अकादमी की खिलाड़ी हैं और कोच कैप्टन मनोज झा से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
जूनियर वर्ग में भी रहा रोमांच
दूसरे दिन हुए जूनियर वर्ग के ट्रायथलॉन मुकाबलों में मणिपुर के तलैबा ने स्वर्ण, महाराष्ट्र के अश्विन एस ने रजत, और हरियाणा के अमन चाहर ने कांस्य पदक जीता। बालिका वर्ग में तमिलनाडु की कीर्ति ने स्वर्ण, मध्यप्रदेश की कनक श्रीधारीवाल ने रजत, और महाराष्ट्र की गौरी जगताप ने कांस्य पदक अपने नाम किया। समापन समारोह में विशेष अतिथि के रूप में राजेंद्र आगल (वरिष्ठ पत्रकार), नितिन गुप्ता (महासचिव, भारतीय ट्रायथलॉन संघ), राजेश चौबे (सचिव, मप्र तैराकी संघ), श्रीकांत तिवारी (अध्यक्ष, मप्र ट्रायथलॉन संघ), और आयोजन सचिव जेपी सक्सेना सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पीयूष शर्मा ने किया और आभार ओ.पी. अवस्थी ने व्यक्त किया।


