14 साल के वैभव सूर्यवंशी बने बिहार रणजी टीम के उपकप्तान, सकीबुल गनी संभालेंगे कप्तानी

0

पटना. सिर्फ 14 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय क्रिकेट में बड़ा नाम बना लिया है। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने उन्हें रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन के शुरुआती दो मैचों के लिए टीम का उपकप्तान नियुक्त किया है। बल्लेबाज सकीबुल गनी कप्तान होंगे। वैभव ने भारत की अंडर-19 टीम के लिए इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया दोनों में शतक लगाए हैं। हाल ही में ब्रिस्बेन में खेले गए यूथ टेस्ट में उन्होंने सिर्फ 78 गेंदों में शतक जड़ा था। तीन पारियों में 133 रन बनाकर वे सीरीज के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।

IPL में 35 गेंदों पर जड़ा था शतक

वैभव सूर्यवंशी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास में सबसे कम उम्र के शतकवीर हैं। उन्होंने 2025 के आईपीएल सीजन में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए गुजरात टाइटंस के खिलाफ मात्र 35 गेंदों पर शतक जड़ा था। उनकी यह पारी क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बनी रही। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी उन्होंने यूथ वनडे में तीन मैचों में 124 रन बनाए, जिसमें एक शानदार 70 रन की पारी शामिल थी। इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए यूथ वनडे सीरीज में उन्होंने 174.02 के स्ट्राइक रेट से 355 रन बनाए थे।

बिहार टीम का ऐलान, BCCI ने दिया निर्देश

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने रणजी ट्रॉफी के पहले दो राउंड के लिए टीम की घोषणा कर दी है। बिहार की टीम 15 अक्टूबर को अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ पहला मैच खेलेगी और 25 अक्टूबर को मणिपुर से भिड़ेगी। हालांकि, एसोसिएशन के पास स्थायी चयन समिति नहीं है। BCCI के निर्देश पर दो सदस्यीय पैनल बनाकर टीम का चयन किया गया है। BCCI ने एसोसिएशन को जल्द से जल्द पांच सदस्यीय चयन समिति गठित करने के आदेश दिए हैं।

टीम:पीयूष कुमार सिंह, भास्कर दुबे, साकिबुल गनी (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी (उपकप्तान), अर्णव किशोर, आयुष लहारुका, बिपिन सौरभ, अमोद यादव, नवाज़ खान, साकिब हुसैन, रघवेंद्र प्रताप सिंह, सचिन कुमार सिंह, हिमांशु सिंह, खालिद आलम, सचिन कुमार।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here