नई दिल्ली: रविंद्र जडेजा ने 2025 में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया है। जनवरी 2025 से अब तक उन्होंने 82.38 के बेहतरीन औसत से 659 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक भी शामिल हैं। बतौर ऑलराउंडर जडेजा की यह बल्लेबाज़ी में निरंतरता उनकी फॉर्म और आत्मविश्वास का परिचायक है। अपनी इस सफलता का श्रेय उन्होंने टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर को दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जडेजा का मानना है कि गंभीर की सोच और मार्गदर्शन ने उनके खेलने के नजरिए को बदला, जिससे उन्हें बल्लेबाज़ी में नई स्थिरता और उभार मिला।
रविंद्र जडेजा के मुताबिक, गंभीर ने बल्लेबाजी में उनका छठा नंबर पर तय किया। इंग्लैंड में रनों का अंबार लगाने के बाद रविंद्र जडेजा ने अहमदाबाद में पहले टेस्ट की पहली पारी में शतक जड़ा और शृंखला में आठ विकेट भी लिए, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मंगलवार 14 अक्टूबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भारत की जीत के बाद (मीडिया रिपोर्ट के अनुसार) रविंद्र जडेजा ने कहा, ‘जैसा कि गौती भाई (गंभीर) ने कहा- मैं अब छठे नंबर पर हूं, इसलिए मैं एक अच्छे बल्लेबाज के तौर पर ज्यादा सोच रहा हूं और यह मेरे लिए कारगर भी है। पहले, कई वर्षों तक मैं आठवें और नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करता रहा हूं, इसलिए मेरी मानसिकता अब की मानसिकता से थोड़ी अलग थी।’
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रविंद्र जडेजा ने बताया, ‘मैं बस कोशिश करता हूं कि जब भी मुझे बल्लेबाजी का मौका मिले, मैं क्रीज पर ज्यादा समय बिताऊं। सच कहूं तो मैं रिकॉर्ड्स के बारे में ज्यादा नहीं सोचता। मैं बस अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए बल्ले और गेंद, दोनों से योगदान देने पर ध्यान केंद्रित करता हूं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ’रविंद्र जडेजा ने कहा, ‘मैं हमेशा ऐसा करने के लिए तत्पर रहता हूं। मुझे लगता है कि अगर मैं बल्ले और गेंद से अच्छा प्रदर्शन नहीं करता तो यह एक खिलाड़ी के तौर पर मेरी अहमियत को नहीं दर्शाता।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे (अश्विन के संन्यास के बाद) ज्यादा ओवर गेंदबाजी का मौका मिल सकता था, लेकिन हां, कुल मिलाकर, हम एक टीम के तौर पर, बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही लिहाज से, शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।’
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रविंद्र जडेजा ने हालिया प्रदर्शन को लेकर कहा, “मुझे लगता है कि हम जानते हैं कि पिछले पांच-छह महीनों में हम किस तरह का क्रिकेट खेल रहे हैं, इसलिए एक टीम के तौर पर यह एक अच्छा संकेत है कि हम लंबे समय तक ऐसा करते रहेंगे।” भारत ने शुभमन गिल की कप्तानी में वेस्टइंडीज़ के खिलाफ 2-0 से टेस्ट सीरीज अपने नाम की, जो उनके नेतृत्व में पहली सीरीज जीत है। इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ उनकी कप्तानी में खेली गई पहली टेस्ट सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई थी। टीम के हालिया प्रदर्शन ने यह संकेत जरूर दे दिया है कि भारत नई लय में नजर आ रहा है और आगे भी इसी दिशा में आगे बढ़ना चाहता है।

