भारत के खिलाफ पहला वनडे नहीं खेलेंगे जैम्पा और इंग्लिस: कुह्नेमन और फिलिपी को मौका

0

नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया के लेग स्पिनर एडम जैम्पा भारत के खिलाफ पहला वनडे नहीं खेलेंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने बताया कि जैम्पा दूसरी बार पिता बनने वाले हैं और उन्होंने इसके लिए पैटर्निटी लीव ली है। उनकी पत्नी हैरियट पाल्मर 2022 में एक बेटे की मां बनी थीं और अब वे फिर से मां बनने वाली हैं। जैम्पा ने कहा कि वे बच्चे के जन्म के समय परिवार के साथ रहना चाहते हैं। पहले मैच में उनकी जगह लेफ्ट आर्म स्पिनर मैथ्यू कुह्नेमन को टीम में शामिल किया गया है। अगर उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिला, तो यह उनके लिए तीन साल में घरेलू मैदान पर पहला वनडे होगा। जैम्पा अब तक ऑस्ट्रेलिया के लिए 192 वनडे विकेट ले चुके हैं।

इंग्लिस को मांसपेशियों में खिंचाव, फिलिपी करेंगे विकेटकीपिंग

विकेटकीपर-बल्लेबाज जोश इंग्लिस पैर की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण शुरुआती दो वनडे से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह जोश फिलिपी विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे। इंग्लिस की गैरमौजूदगी में टीम के नियमित विकेटकीपर एलेक्स कैरी भी पहले वनडे के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे, क्योंकि वे फिलहाल फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेल रहे हैं। कैरी की वापसी दूसरे वनडे से होगी। इंग्लिस के 25 अक्टूबर को होने वाले तीसरे वनडे से फिट होकर लौटने की उम्मीद है। वे ऑस्ट्रेलिया की व्हाइट बॉल टीम के फर्स्ट चॉइस विकेटकीपर हैं।

चार साल बाद वनडे में लौटेंगे फिलिपी

जोश फिलिपी करीब चार साल बाद ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे खेलते नजर आएंगे। उन्होंने 2021 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था और उसी सीरीज में आखिरी वनडे खेला था। फिलिपी अब तक 12 टी-20 मैच खेल चुके हैं, लेकिन 2023 के बाद से वे इंटरनेशनल क्रिकेट से बाहर थे। अब उन्हें फिर से मौका मिला है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन वनडे 19, 23 और 25 अक्टूबर को क्रमशः पर्थ, एडिलेड और सिडनी में खेले जाएंगे। इसके बाद दोनों टीमों के बीच पांच टी-20 मुकाबले होंगे, जो 29 अक्टूबर से 8 नवंबर के बीच होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here