नई दिल्ली: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे महिला वर्ल्ड कप 2025 का 15वां मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। यह मैच कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा था। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई टीम ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 258 रन बनाए। हालांकि, दूसरी पारी की शुरुआत से पहले ही बारिश ने दखल दे दिया और हालात ऐसे बने कि एक भी गेंद फेंकी नहीं जा सकी। अंततः अंपायरों ने मैच रद्द करने का फैसला लिया और दोनों टीमों को 1-1 अंक दे दिए गए।
अंक तालिका में किसे मिला फायदा?
अब इस मैच के रद्द होने के बाद अंक तालिका में क्या फेरबदल हुआ है वो बात करते हैं। इस मैच में 1-1 अंक श्रीलंका और न्यूजीलैंड दोनों को मिला। इससे श्रीलंका को तो कुछ नुकसान नहीं हुआ और वो बिना जीते ही अंक पा गई। श्रीलंकाई टीम का एक मैच और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बारिश की भेंट चढ़ा था। यानी 2 अंक के साथ दो हार झेलने वाली श्रीलंकाई टीम 7वें स्थान पर ही बनी हुई है।
हालांकि इस मैच के रद्द होने से सबसे ज्यादा नुकसान न्यूजीलैंड को हुआ है। टूर्नामेंट की शुरुआत में लगातार दो मैच हारने के बाद न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश के खिलाफ पिछले मुकाबले में शानदार जीत दर्ज कर वापसी की थी। कोलंबो में वह एक और जीत के साथ अंकतालिका में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती थी, लेकिन बारिश ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब उसे सिर्फ 1 अंक से संतोष करना पड़ा। इस परिणाम के बाद न्यूजीलैंड की टीम 3 अंकों के साथ भारत के बाद पांचवें स्थान पर बनी हुई है। हालांकि, टूर्नामेंट जैसे-जैसे आगे बढ़ेगा, यह अंक वितरण भारत के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है, खासकर सेमीफाइनल की दौड़ में नेट रन रेट और अंकों की टक्कर के लिहाज से।
भारत के लिए बढ़ सकता है खतरा!
भारत को अपना अगला मुकाबला लगातार दो हार के बाद मजबूत इंग्लैंड टीम से 19 अक्टूबर को खेलना है। जबकि न्यूजीलैंड पाकिस्तान की टीम से 18 अक्टूबर को भिड़ेगी। ऐसे में अगर न्यूजीलैंड को जीत मिली तो वो भारत से आगे हो जाएगी। पाकिस्तान का हालिया प्रदर्शन देखते हुए कीवी टीम के लिए वो मुकाबला काफी आसान हो सकता है। जबकि भारत अगर इंग्लैंड से हारा तो वो और नीचे पांचवें स्थान पर खिसकते हुए टॉप 4 से बाहर हो जाएगा।
यानि अब भारत के लिए टूर्नामेंट में बने रहने और सेमीफाइनल की दौड़ में खुद को मजबूत करने के लिए बचे हुए सभी मुकाबले जीतना बेहद जरूरी हो गया है। भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार तरीके से की थी, जब उसने श्रीलंका और पाकिस्तान को हराया था। लेकिन इसके बाद टीम को दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार दो हार का सामना करना पड़ा। अब भारत के अगले दो मुकाबले इंग्लैंड और न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीमों से होने हैं, जो किसी भी लिहाज से आसान नहीं होंगे। ऐसे में भारत की सेमीफाइनल की राह अब पूरी तरह फिफ्टी-फिफ्टी के मौके पर टिकी हुई है।

