अभिषेक शर्मा को मिला एक और बड़ा सम्मान, ICC ने भी माना टैलेंट का लोहा

0

नई दिल्ली: भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इन दिनों बेहतरीन फॉर्म में हैं। एशिया कप में उन्होंने अपनी जबरदस्त बल्लेबाजी से विपक्षी गेंदबाजों की बोलती बंद कर दी थी, जिसकी तारीफें लगातार हो रही हैं। अब अभिषेक ने एक और बड़ा मुकाम हासिल किया है। उन्हें आईसीसी द्वारा सितंबर महीने का प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। इस पुरस्कार के लिए भारत के ही कुलदीप यादव भी नामित थे, लेकिन अभिषेक ने अपनी दमदार प्रदर्शन से सभी को पीछे छोड़ दिया।

एशिया कप में अभिषेक शर्मा ने जमकर बरसाए रन

आईसीसी ने सितंबर 2025 के लिए अभिषेक शर्मा को प्लेयर ऑफ द मंथ चुना है। एशिया कप के दौरान अभिषेक ने पाकिस्तान के खिलाफ खूब रन बनाए थे। भले ही अभिषेक फाइनल में जल्दी आउट हो गए हों, लेकिन इसके बाद भी उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था। अभिषेक शर्मा की खास बात ये है कि वे विरोधी टीम के गेंदबाजों को नहीं देखते। वे गेंद देखते हैं और उसके बाद उस पर स्ट्रोक खेलते हैं। यही बात उन्हें बेखौफ बल्लेबाज बनाती है।

अवार्ड पाकर क्या बोले अभिषेक

इस बीच अवार्ड जीतने के बाद अभिषेक शर्मा का बयान भी सामने आ गया है। आईसीसी के अनुसार प्लेयर ऑफ द मंथ का खिताब जीतने के बाद शर्मा ने कहा कि उन्हें इस अवार्ड को पाकर बहुत ज्यादा खुशी हो रही है। उन्होंने ये भी कहा कि वे उस टीम का हिस्सा होने पर गर्व महसूस करते हैं, जो मुश्किल हालात होने पर भी जीत दिला सकती है।

एशिया कप में अभिषेक शर्मा का धमाकेदार प्रदर्शन

अगर बात करें अभिषेक शर्मा के प्रदर्शन की, तो उन्होंने एशिया कप में खेले गए 7 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कुल 314 रन बनाए। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर वे टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। उनकी इस धुआंधार बल्लेबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार भी दिया गया।

आईसीसी टी20 रैंकिंग में वर्तमान में नंबर 1 बल्लेबाज

इस समय अभिषेक शर्मा ICC की टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर हैं। उन्होंने डेविड मलान का रिकॉर्ड तोड़ते हुए सबसे ज्यादा रेटिंग पॉइंट्स हासिल किए हैं। मलान के नाम 919 रेटिंग अंक थे, जबकि अभिषेक ने इसे 931 तक बढ़ा दिया है। यह प्रदर्शन उनकी काबिलियत और निरंतरता का परिचायक है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here