नई दिल्ली : महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का 18वां मुकाबला साउथ अफ्रीका और श्रीलंका के बीच खेला गया, जिसमें साउथ अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में प्रोटियाज गेंदबाजों ने शुरुआत से ही श्रीलंका की टीम पर दबाव बनाए रखा और उन्हें बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचने दिया। जवाब में साउथ अफ्रीका की ओपनिंग जोड़ी ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी करते हुए लक्ष्य को बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने अंकतालिका में महत्वपूर्ण छलांग लगाते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया।
साउथ अफ्रीका की धमाकेदार जीत, 10 विकेट से श्रीलंका को किया परास्त
साउथ अफ्रीका और श्रीलंका के बीच का मैच कोलंबो में खेला गया और बारिश की वजह से इस मैच को 20-20 ओवर का कर दिया गया। श्रीलंका ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 105 रन बनाए और साउथ अफ्रीका ने 14.5 ओवर में बिना किसी नुकसान के 125 रन बनाकर मैच 10 विकेट से जीत लिया। बारिश से ये मैच 5 घंटे तक बाधित रहा और डकवर्थ-लुईस नियम के आधार पर साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 121 रन का टारगेट मिला था।
साउथ अफ्रीका ने हासिल किया दूसरा स्थान, भारत बरकरार चौथे पायदान पर
साउथ अफ्रीका ने श्रीलंका को हराकर दो महत्वपूर्ण अंक अपने नाम किए, जिसके साथ अब टीम के कुल 8 अंक हो गए हैं। इस जीत के बाद साउथ अफ्रीका अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, इंग्लैंड की टीम 7 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर खिसक गई है। ऑस्ट्रेलिया 9 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर बनी हुई है और उसने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। साउथ अफ्रीका की जीत के बावजूद भारतीय टीम चौथे स्थान पर बरकरार है, जबकि पाकिस्तान की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है और वह अभी भी आठवें स्थान पर है।
साउथ अफ्रीका-श्रीलंका मैच के बाद अंकतालिका
| टीम | मैच | जीत | हार | अंक | रन रेट |
| ऑस्ट्रेलिया | 5 | 4 | 0 | 9 | 1.818 |
| साउथ अफ्रीका | 5 | 4 | 1 | 8 | -0.44 |
| इंग्लैंड | 4 | 3 | 0 | 7 | 1.864 |
| भारत | 4 | 2 | 2 | 4 | 0.682 |
| न्यूजीलैंड | 4 | 1 | 2 | 3 | -0.245 |
| बांग्लादेश | 5 | 1 | 4 | 2 | -0.676 |
| श्रीलंका | 5 | 0 | 3 | 2 | -1.564 |
| पाकिस्तान | 4 | 0 | 3 | 1 | -1.887 |

