नई दिल्ली : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला रविवार को पर्थ स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैदान पर दोनों टीमों का आमना-सामना होगा। पर्थ के वाका क्रिकेट ग्राउंड का इतिहास रहा है कि यहां की पिच बल्लेबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण रही है, क्योंकि तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है। वहीं, इस बार मुकाबला नए पर्थ स्टेडियम में होगा, जहां ड्रॉप-इन पिच का उपयोग किया जाता है। मौसम की स्थिति की बात करें तो मैच से पहले बारिश की संभावना भी जताई जा रही है।
पर्थ स्टेडियम में इससे पहले तीन वनडे मैच खेले गए हैं। आंकड़े ऐसे हैं जिससे टीम इंडिया खुश हो सकती है। क्योंकि पिछले तीनों मैचों में यहां जीत ऑस्ट्रेलिया को नहीं मिल पाई है। वहीं टॉस की भी भूमिका यहां अहम रहती है। पहले बल्लेबाजी करते हुए एक मैच जीता गया है। वहीं दो मैच इस मैदान पर बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं। यानी टॉस जीतने वाले कप्तान पहले गेंदबाजी चुन सकते हैं। तो आइए जानते हैं पिच का और मौसम का मिजाज:-
पिच का हाल और खेलने की स्थिति
अभी तक पर्थ स्टेडियम की पिच की तस्वीरों में सतह हरी दिखाई दे रही है, जिससे यह संभावना है कि पिच पर घास मौजूद होगी। पर्थ की पिच आमतौर पर उछाल देती है और तेज गेंदबाजों के लिए मददगार होती है। अगर पिच पर घास रहेगी तो तेज गेंदबाज इसे और अधिक प्रभावी ढंग से इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा, मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार बारिश की संभावना है, जिससे ओवरकास्ट कंडीशन में भी तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को सतर्क रहना होगा और ओपनर्स तथा टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों को संभलकर खेलना होगा। टॉस जीतने वाला कप्तान पहले गेंदबाजी करने का निर्णय भी ले सकता है।
बारिश बन सकती है खेल की बड़ी बाधा
एक्यूवेदर के मुताबिक पर्थ में रविवार को बारिश विलेन बन सकती है। मैच के समय की शुरुआत में बारिश के 50-60 प्रतिशत आसार हैं। स्थानीय समय के अनुसार मैच का टॉस 11 बजे सुबह होना है और लाइव मैच की शुरुआत होनी है 11.30 पर। वहीं मौसम की रिपोर्ट के अनुसार 11 बजे तकरीबन 50 प्रतिशत बारिश के आसार हैं। तो 12 बजे दिन में 50-60 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है। हालांकि इसके बाद बारिश के आसार कम हैं। लेकिन शनिवार को बारिश के चांस थे तो पिच लगातार कवर्स से ढकी रहे सकती है।
भारत करेगा अपना पहला मुकाबला
भारतीय टीम पर्थ स्टेडियम में पहली बार वनडे मुकाबला खेलने उतरेगी। हालांकि, भारत ने यहां 2024 में टेस्ट मैच खेलते हुए जीत हासिल की थी। ऐसे में भारतीय टीम की कोशिश रहेगी कि पहले मैच में जीत के साथ ही सीरीज में बढ़त बनाई जाए। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम पर भी दबाव रहेगा क्योंकि उसने पिछले तीन वनडे मुकाबले इसी मैदान पर हारे हैं। सीरीज का दूसरा मैच 23 अक्टूबर को एडिलेड में और तीसरा तथा आखिरी मुकाबला 25 अक्टूबर को सिडनी में खेला जाएगा।

