नई दिल्ली: इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जोस बटलर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 इंटरनेशनल में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। इस मैच में उन्होंने सिर्फ 4 रन बनाए, जिसमें एक चौका शामिल था, लेकिन इसी दौरान उन्होंने वह कारनामा किया जो विश्व क्रिकेट में अब तक केवल चार खिलाड़ियों ने किया है। बता दें कि यह बटलर का टी-20 इंटरनेशनल करियर में 350वां चौका रहा। इसके अलावा, उन्होंने टी-20 इंटरनेशनल में अब तक 172 छक्के भी जड़े हैं।
जोस बटलर वनडे और टी20 दोनों में 350 या उससे ज्यादा चौके लगाने वाले वर्ल्ड क्रिकेट के पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं। इसके साथ ही उनका नाम रोहित शर्मा, विराट कोहली, पॉल स्टर्लिंग और बाबर आजम जैसे खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गया है। आपको बता दें कि जोस बटलर टी-20 इंटरनेशनल में 350 चौके पूरे करने वाले वह इंग्लैंड के पहले खिलाड़ी हैं। उनके बाद इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर एलेक्स हेल्स का नाम है। उन्होंने 75 मैचों में 225 चौके लगाए हैं। बता दें कि क्राइस्टचर्च में ही खेले गए पहले टी-20 मैच में जोस बटलर ने 25 गेंदों में 29 रन की पारी खेली थी।
इस मुकाबले में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 65 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 236 रन बनाए। टीम की ओर से फिल साल्ट ने 56 गेंदों में 85 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान हैरी ब्रूक ने 35 गेंदों में आक्रामक अंदाज में 78 रन बनाए।
टारगेट का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 18 ओवर में 171 रनों पर ऑलआउट हो गई। टिम सेफर्ट ने 39 रन, कप्तान मिचेल सैंटनर ने 36 रन और मार्क चैपमैन ने 28 रन का योगदान दिया। इंग्लैंड के लिए शानदार गेंदबाजी करते हुए आदिल रशीद ने 4 विकेट लिए। वहीं ल्यूक वुड, ब्रायडन कार्स और लियाम डॉसन ने 2-2 विकेट लिए। सीरीज का तीसरा और आखिरी टी-20 इंटरनेशनल मैच 23 अक्टूबर खेला जाएगा।

