बांग्लादेश की हार बनी भारत के लिए वरदान, सेमीफाइनल की उम्मीदें बढ़ीं

0

नई दिल्ली: आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 का 21वां मुकाबला 20 अक्टूबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेला गया। इस मैच में बांग्लादेश ने जीत के करीब पहुंचकर भी मौका गंवा दिया। 203 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम को आखिरी 36 गेंदों में केवल 30 रन की जरूरत थी और उसके सात विकेट शेष थे, लेकिन इसके बावजूद टीम 7 रन से मुकाबला हार गई। इस हार के साथ बांग्लादेश महिला टीम वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई।

श्रीलंका को कम स्कोर पर रोकने के बाद बांग्लादेश ने लक्ष्य का पीछा मजबूत शुरुआत के साथ किया। कप्तान निगार सुल्ताना ने शानदार अर्धशतक लगाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। इससे पहले शर्मिन अख्तर ने भी अर्धशतक पूरा किया था, लेकिन चोट लगने के कारण रिटायर हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा। हालांकि, इसके बाद बांग्लादेश की पारी अचानक बिखर गई। आखिरी ओवर में चमारी अटापट्टू ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट चटकाए, जिसमें एक रन आउट भी शामिल था। एक समय टीम का स्कोर 176/3 था, लेकिन अगले 18 रन जोड़ने में ही उसके छह विकेट गिर गए और जीत हाथ से फिसल गई।

बांग्लादेश की हार से भारत को बड़ा फायदा

बांग्लादेश की हार से सबसे ज्यादा फायदा मेजबान भारतीय टीम को मिला है। बांग्लादेश के बाहर होने के बाद हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें और भी मजबूत हो गई हैं। भारत फिलहाल पांच मैचों में चार पॉइंट लेकर पॉइंट्स टेबल चौथे स्थान पर है और उसके दो मुकाबले बाकी हैं। भारत अपना अगला मुकाबला न्यूजीलैंड और फिर बांग्लादेश से खेलना है। अगर भारत दोनों मैच जीतता है, तो सेमीफाइनल में उसका स्थान पक्का हो जाएगा। यही नहीं, अगर भारतीय टीम न्यूजीलैंड को हरा देती है, तो वह आधिकारिक तौर पर सेमीफाइनल में जगह बना लेगी, भले ही बांग्लादेश के खिलाफ नतीजा कुछ भी हो।

सेमीफाइनल की दौड़ में अब तक तीन टीमें सुरक्षित

अगर बांग्लादेश श्रीलंका को हराने में सफल हो जाती, तो उसके भी दो जीत के साथ चार अंक हो जाते और नेट रन रेट के आधार पर स्थिति जटिल हो सकती थी। लेकिन अब मामला साफ हो गया है। भारत को बस न्यूजीलैंड को हराना है और उसके लिए सेमीफाइनल का टिकट पक्का हो जाएगा। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया (9 अंक), इंग्लैंड (9 अंक) और साउथ अफ्रीका (8 अंक) की टीमें पहले ही सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल हो चुकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here