नई दिल्ली: बाबर आजम टी20 टीम में फिर से लौट आए हैं। करीब एक साल पहले उन्हें टी20 टीम से बाहर किया गया था, लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए घोषित टीम में उन्हें शामिल किया गया है। इसके अलावा, पाकिस्तान अगले महीने श्रीलंका और जिम्बाब्वे के साथ होने वाली टी20 ट्राई सीरीज के लिए भी अपनी टीम घोषित कर चुका है।
बाबर आजम ने टी20 टीम में किया कमबैक
बाबर आजम ने आखिरी बार दिसंबर 2024 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 मैच खेला था, जिसके बाद उन्हें खराब स्ट्राइक रेट के कारण टीम से बाहर कर दिया गया था। पाकिस्तान-साउथ अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज के बाद दोनों देशों के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी जिसकी शुरुआत 28 अक्टूबर से होगी तो वहीं 3 मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत 4 नवंबर से होगी।
बाबर आजम के साथ तेज गेंदबाज नसीम शाह भी लगभग 11 महीने बाद टी20 टीम में वापसी कर गए हैं। नसीम ने अपना पिछला टी20 मैच 16 नवंबर 2024 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में खेला था। इस बार मोहम्मद रिजवान को टी20 टीम में जगह नहीं दी गई, जबकि फखर जमान, मोहम्मद हारिस और हारिस रऊफ को भी टीम में शामिल नहीं किया गया। 15 सदस्यीय टीम में अब्दुल समद और विकेटकीपर उस्मान खान को जगह मिली है, जिसकी कप्तानी सलमान आगा करेंगे। वहीं वनडे टीम की कमान शाहीन अफरीदी के हाथ में होगी।
पाकिस्तान की टी20 टीम:
सलमान आगा (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम, सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, उस्मान खान, उस्मान तारिक।
पाकिस्तान की वनडे टीम:
शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फैसल अकरम, फखर जमां, हारिस रऊफ, हसीबुल्लाह खान, हसन नवाज, हुसैन तलत, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद वसीम, नसीम शाह, सईम अयूब, सलमान आगा।


