नई दिल्ली. IPL 2026 से पहले पंजाब किंग्स (PBKS) ने पूर्व भारतीय लेग स्पिनर साईराज बहुतुले को अपना नया स्पिन गेंदबाज़ी कोच नियुक्त किया है। वह सुनील जोशी की जगह लेंगे, जिन्होंने 2023 से 2025 तक यह जिम्मेदारी संभाली थी। बहुतुले पहले राजस्थान रॉयल्स, विदर्भ, केरल, गुजरात और बंगाल जैसी टीमों के साथ कोचिंग कर चुके हैं। वह घरेलू क्रिकेट में रणनीति और युवा खिलाड़ियों को निखारने के लिए जाने जाते हैं। PBKS के CEO सतीश मेनन ने कहा कि बहुतुले का अनुभव टीम के लिए फायदेमंद होगा। उन्होंने कहा, “हम सुनील जोशी के योगदान के लिए आभारी हैं और साईराज बहुतुले का टीम में स्वागत करते हैं। उनका अनुभव और स्पिन गेंदबाज़ी की समझ हमारे गेंदबाज़ों को मज़बूत बनाएगी।”नई भूमिका को लेकर बहुतुले ने कहा, “पंजाब किंग्स जैसी टीम के साथ जुड़ना मेरे लिए सम्मान की बात है। टीम में कई युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। मैं उनके साथ काम करने और उनके कौशल को और निखारने के लिए उत्साहित हूं।” पूर्व लेग स्पिनर बहुतुले ने भारत के लिए दो टेस्ट और आठ वनडे खेले हैं। उन्होंने 188 प्रथम श्रेणी मैचों में 630 विकेट लिए और 6176 रन बनाए, जिनमें 9 शतक शामिल हैं। पिछले सीजन में पंजाब किंग्स ने 2014 के बाद पहली बार IPL फाइनल तक पहुंचकर शानदार प्रदर्शन किया था।


