नई दिल्ली: भारतीय टीम ने महिला वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। लगातार तीन हारों के बाद, गुरुवार को भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर सेमीफाइनल का टिकट सुनिश्चित किया। इतना ही नहीं, भारत की एंट्री के साथ ही सेमीफाइनल की तारीख भी कंफर्म हो गई है। वहीं दूसरी तरफ यह भी तय हो चुका है कि इंग्लैंड दूसरे सेमीफाइनल में मुकाबले के लिए मैदान में उतरेगी।
यानी अब भारत को बांग्लादेश के खिलाफ जो आखिरी लीग मैच खेलना है वो हारने या जीतने से टीम की पोजीशन पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। जबकि अभी ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीकी की पोजीशन बदल सकती हैं, लेकन नंबर 1 पोजीशन की जंग सिर्फ साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच ही है। अगर बारिश से साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला रद्द भी होता है तब भी इंग्लैंड को नंबर की पोजीशन नहीं मिल पाएगी।
भारत का सेमीफाइनल मुकाबला कब होगा?
अगर महिला वर्ल्ड कप के तय शेड्यूल की बात करें तो पहला सेमीफाइनल मुकाबला गुवाहाटी में 29 अक्टूबर को खेला जाएगा। इस मुकाबले में अंक तालिका की टॉप पोजीशन और चौथे पोजीशन की टीमें आमने-सामने होंगी, यानी भारत का चौथे स्थान पर रहना तय है। ऐसे में पहले स्थान पर रहने वाली टीम—ऑस्ट्रेलिया या साउथ अफ्रीका—का आगामी बुधवार को भारत के खिलाफ अंतिम-4 का नॉकआउट मुकाबला होगा। वहीं इंग्लैंड दूसरी टीम के रूप में दूसरे सेमीफाइनल में उतरेगी।
भारत का सेमीफाइनल मुकाबला: साउथ अफ्रीका या ऑस्ट्रेलिया?
जहाँ तक भारत की सेमीफाइनल भिड़ंत का सवाल है, इसका फैसला टॉप 3 टीमों के बचे हुए मुकाबलों के बाद ही होगा। वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया टॉप पर है और उसे अभी तक कोई हार नहीं मिली है, हालांकि एक मैच रद्द होने के कारण उसने 6 में से 5 मैच जीते और 1 बेनतीजा मुकाबला खेला, जिससे उसके 11 अंक हैं। दूसरी ओर साउथ अफ्रीका ने 6 में से 5 मैच जीतकर 10 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। लीग स्टेज के अंत तक इन्हीं दोनों टीमों के बीच नंबर 1 का पद तय करने के लिए रोमांचक जंग जारी रहेगी।
अगर अफ्रीका आखिरी मुकाबला अपना ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 25 अक्टूबर को जीत जाती है, तो उसका कब्जा पहली पोजीशन पर हो जाएगा। वहीं अगर ऑस्ट्रेलिया जीती तो उसकी पहली पोजीशन कंफर्म हो जाएगी। अब बात आती है इंग्लैंड की जो तीसरे स्थान पर है और उसका भी एक मैच न्यूजीलैंड से बाकी है। कीवी टीम सेमीफाइनल से बाहर हो चुकी है। मगर इंग्लैंड को अगर इस मैच में जीत मिली तो उसके 11 अंक हो जाएंगे और अगर हार मिली तो 9 अंक रहे जाएंगे।
इसका मतलब है कि इंग्लैंड किसी भी स्थिति में टॉप पर नहीं रह पाएगी। अगर साउथ अफ्रीका जीती, तो वही टॉप पर रहेगी, और अगर हारी तो ऑस्ट्रेलिया टॉप पर कायम रहेगी। यानी इंग्लैंड अधिकतम दूसरे स्थान पर ही जा सकती है। पहले सेमीफाइनल में नंबर 1 की टीम का मुकाबला नंबर 4 पर स्थित भारत से होगा, जबकि नंबर 2 और नंबर 3 की टीमें आपस में भिड़ेंगी। इससे साफ है कि इंग्लैंड का सेकंड सेमीफाइनल खेलना कंफर्म है, और भारत की भिड़ंत साउथ अफ्रीका या ऑस्ट्रेलिया से हो सकती है। दूसरा सेमीफाइनल 30 अक्टूबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा।

