नई दिल्ली। मुंबई रणजी टीम के कप्तान शार्दुल ठाकुर ने टेस्ट टीम से बाहर चल रहे बल्लेबाज सरफ़राज़ ख़ान को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। ठाकुर ने कहा है कि सरफ़राज़ को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के लिए भारत ‘ए’ (India A) मैचों में खेलना जरूरी नहीं है। अगर वह घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाते हैं, तो सीधे सीनियर टेस्ट टीम में जगह बना सकते हैं। सरफ़राज़ ने 2024 की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था, लेकिन अक्टूबर 2024 में अपने आखिरी टेस्ट मैच के बाद से वह टीम से बाहर हैं। हाल ही में उन्हें साउथ अफ़्रीका ‘ए’ के खिलाफ भारत ‘ए’ टीम में भी जगह नहीं मिली थी।
रणजी ट्रॉफी के दूसरे राउंड के मैच से पहले ठाकुर ने कहा, “आजकल इंडिया ‘ए’ टीम में उन्हीं खिलाड़ियों को देखा जाता है, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए तैयार करना हो। सरफ़राज़ को इसकी ज़रूरत नहीं है। अगर वह फिर से रन बनाना शुरू कर दें तो वे सीधे टेस्ट सीरीज़ भी खेल सकते हैं।” ठाकुर ने सरफ़राज़ के बड़े स्कोर बनाने की क्षमता की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने मुश्किल हालात में 200-250 रनों की बड़ी पारियां खेली हैं। उन्होंने कहा, “वह उन खिलाड़ियों में से हैं, जो कभी निराश नहीं करते। मुझे यक़ीन है कि वह रणजी में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।”


