नई दिल्ली : भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के अंतिम मुकाबले के लिए सिडनी मैदान पर उतरी। इस मैच में कप्तान शुभमन गिल ने टीम में दो बदलाव किए। अर्शदीप सिंह और नितीश कुमार रेड्डी को प्लेइंग 11 से बाहर किया गया, जबकि कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया। वहीं हर्षित राणा को टीम में बनाए रखना फैंस को पसंद नहीं आया और उन्होंने सोशल मीडिया पर इसके खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।
अर्शदीप सिंह को टीम से बाहर करने का कारण क्या?
भारतीय टीम की प्लेइंग 11 को देख फैंस सोशल मीडिया पर भड़क गए। अर्शदीप सिंह ने अभी तक इस सीरीज के दोनों मैचों में खराब प्रदर्शन नहीं किया था। पहले मैच में एक और दूसरे मैच में अच्छी गेंदबाजी करते हुए दो विकेट उन्होंने झटके थे। इसके बावजूद वह बाहर हो गए और हर्षित राणा को टीम में रखा गया। हालांकि, हर्षित राणा ने एडिलेड वनडे में उपयोगी रन आखिरी में बनाए थे और बल्लेबाजी का फायदा ही उन्हें मिला है कि वह टीम में बरकरार हैं और अर्शदीप सिंह बाहर हैं। लेकिन गेंदबाजी में हर्षित की पिछले मैच में खूब पिटाई हुई थी। उन्होंने 2 विकेट जरूर लिए थे मगर रन खूब लुटाए थे। उन्होंने ही ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को लय दे दी थी जिसके बाद आसानी से मेजबान टीम ने मैच जीत लिया।
फैंस ने सोशल मीडिया पर जताया गुस्सा
सोशल मीडिया पर फैंस ने हर्षित राणा के चयन को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उनका मानना है कि हर्षित ने 7 से अधिक की इकॉनमी से रन दिए, जबकि अर्शदीप ने अच्छी गेंदबाजी का प्रदर्शन किया, फिर भी उन्हें टीम से बाहर रखा गया। कई फैंस ने हेड कोच गौतम गंभीर को निशाना बनाते हुए उन पर फेवरिटिज्म का आरोप लगाया। एक यूजर ने तो यह भी कहा कि यह कहना कि हर्षित को सिर्फ बल्लेबाजी के लिए खेलाया गया, सही नहीं है, क्योंकि अर्शदीप ने एडिलेड में आखिरी समय में भी उपयोगी रन बनाए थे।
भारत की प्लेइंग 11
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।

