भोपाल। फिटनेस को लेकर लोगों में जोश और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक शानदार पहल देखने को मिली। नीलबाड़ स्थित KSC वैलनेस सेंटर ने अपने 2 वर्ष पूर्ण होने पर एक रोमांचक 5 किलोमीटर मैराथन का आयोजन किया, जिसमें 7 साल से लेकर 80 साल तक के 400 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सुबह की ताजगी, जोश से भरी भीड़ और ‘फिट रहने’ का जज्बा इस आयोजन को खास बना गया।
मैराथन की शुरुआत KSC वैलनेस सेंटर, नीलबाड़ से हुई और यह DPS चौराहा, हरी नगर, मिन्डोरी होते हुए वापस सेंटर पर समाप्त हुई। आयोजन के दौरान सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट और सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। माहौल पूरी तरह जोशीला और प्रेरणादायक रहा।
“फिट रहना ही आज की सबसे बड़ी जरूरत है” : कौशलेन्द्र सिंह चौहान सेंटर के संचालक कौशलेन्द्र सिंह चौहान ने कहा, “इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाना और शरीर को स्वस्थ एवं मजबूत बनाए रखना है। आज के समय में लोगों के पास समय का बहुत अभाव है, जिससे उनकी दिनचर्या बिगड़ गई है। नई-नई बीमारियाँ जन्म ले चुकी हैं, इसलिए हर व्यक्ति को प्रतिदिन कुछ समय निकालकर व्यायाम, दौड़ना या थोड़ी दूर पैदल चलना चाहिए। इससे शरीर फिट रहेगा और बीमारियों से बचाव होगा।”
स्वास्थ्य जागरूकता की मिसाल
यह आयोजन न सिर्फ एक फिटनेस एक्टिविटी था, बल्कि एक सामाजिक संदेश भी — “स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है।” इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों ने यह साबित कर दिया कि उम्र सिर्फ एक संख्या है, फिटनेस हर किसी की पहचान हो सकती है।

