एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल डिविजन क्रिकेट एसोसिएशन (बीडीसीए) द्वारा आयोजित स्वर्गीय गोविंद नारायण सिंह “दाऊ साहब” कप अंडर-15 बॉयज इंटर क्लब/अकादमी क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को खेले गए तीन मुकाबलों में अरेरा क्रिकेट अकादमी, क्रिकेट क्लब ऑफ पठान (कैप) और संजय गुप्ता क्रिकेट अकादमी ने अपने-अपने मैच जीत लिए। पहला मुकाबला बाबे अली मैदान पर अरेरा क्रिकेट अकादमी और होप क्रिकेट अकादमी के बीच हुआ। होप अकादमी पहले बल्लेबाजी करते हुए 46 ओवर में 63 रन पर सिमट गई। अरेरा अकादमी के मार्तंड पाल ने 4 और होमी सोलंकी ने 3 विकेट लिए। जवाब में अरेरा अकादमी ने 14 ओवर में 2 विकेट पर 64 रन बनाकर 8 विकेट से जीत दर्ज की। विवान द्विवेदी 28 रन बनाकर नाबाद रहे।
दूसरा मैच फेथ मैदान पर क्रिकेट क्लब ऑफ पठान और यंगस्टर अकादमी के बीच खेला गया। पठान अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 180 रन बनाए। यश राजपूत ने 38 और योगित आर्य ने 36 रन जोड़े। जवाब में यंगस्टर अकादमी 25.1 ओवर में सिर्फ 31 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। कैप अकादमी के जिगर और अर्जुन ने 3-3 विकेट झटके। पठान अकादमी ने यह मैच 149 रन से जीता। तीसरा मैच डीपीएस मैदान पर संजय गुप्ता क्रिकेट अकादमी और भोपाल लेपर्ड्स के बीच हुआ। संजय गुप्ता अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट पर 302 रन बनाए। अनुग्रह काले ने 101 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। अरनव भंडारी ने 60 और वेदांत शुक्ला ने 54 रन बनाए। जवाब में भोपाल लेपर्ड्स 19 ओवर में 46 रन पर ढेर हो गई। वीर प्रताप ने 5 विकेट लेकर संजय गुप्ता अकादमी को 256 रन से बड़ी जीत दिलाई।


