एनएसटी न्यूज, भोपाल। पर्यावरण संरक्षण और फिट इंडिया के संदेश के साथ चल रहे मिशन ‘पेडल टू प्लांट’ ने रविवार को भारत के दिल भोपाल में प्रवेश किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने टीम का स्वागत किया और उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने इस अनोखी पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है, बल्कि फिटनेस और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा, “हर युवा को इस विचार को अपनाना चाहिए — ‘पेडल टू प्लांट: चेंज बिफोर क्लाइमेट चेंज’।” यह मिशन अरुणाचल प्रदेश से गुजरात तक साइकिल यात्रा कर रहा है, जो 7 राज्यों और 100 से अधिक शहरों को कवर करेगा। अभियान का लक्ष्य है पूरे देश में 1 लाख से अधिक पौधे लगाना, ताकि हरित भारत का सपना साकार हो सके। इस अवसर पर भोपाल की बेटी और अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही अंजना यादव भी इस हरित मिशन से जुड़ीं। रायसेन ज़िले के छोटे से गाँव सेमारी से आने वाली अंजना ने कहा कि वे पिछले 5 सालों से एडवेंचर स्पोर्ट्स में सक्रिय हैं और अब यह मिशन उनके दिल के करीब है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एवरेस्टर निशा स्किल फाउंडेशन की इस पहल को सराहा और कहा कि यह अभियान युवा शक्ति, संकल्प और हरित भविष्य का प्रतीक है। उनके साथ 8 वर्षीय साइकिलिस्ट निस्सा बारोट भी इस अभियान का हिस्सा हैं, जो सभी के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।
अंजना की उपलब्धियां प्रेरणादायक हैं
15 अगस्त 2023 को यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्बोरस पर तिरंगा लहराया। 15 अगस्त 2024 को ऑस्ट्रेलिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट कोसियस्ज़को पर चढ़ाई। मलेशिया की माउंट किनाबालु सहित अब तक 20 पर्वतों पर विजय। खेल उपलब्धि पुरस्कार, शारीरिक शिक्षा में स्वर्ण पदक, और कबड्डी में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी सम्मान प्राप्त। उनका अगला लक्ष्य 2026 में माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करना है।

