Ranji Trophy: पृथ्वी शॉ का शानदार प्रदर्शन, 72 गेंदों में शतक ठोककर ऋषभ पंत का रिकॉर्ड तोड़ा

0

नई दिल्ली: भारतीय टीम से बाहर चल रहे ओपनर पृथ्वी शॉ ने सोमवार (27 अक्टूबर) को अपनी शानदार बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन करते हुए चंडीगढ़ के सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में महाराष्ट्र के लिए केवल 72 गेंदों में शतक जड़ दिया। उन्होंने चंडीगढ़ के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल करते हुए डेढ़ साल से भी लंबा शतक का सूखा तोड़ा। यह उनकी नई घरेलू टीम महाराष्ट्र के लिए सिर्फ दूसरा मैच था। पृथ्वी ने फरवरी 2024 के बाद पहली बार तीन अंकों की पारी खेलते हुए अपने पुराने अंदाज़ की झलक दिखाई।

पहली पारी में सिर्फ आठ रन पर आउट होने के बाद शॉ ने बेहतरीन शतक तब जड़ा जब महाराष्ट्र ने पहली पारी में 104 रन की बढ़त हासिल कर ली थी। तीसरे दिन सुबह शॉ ने सिर्फ 72 गेंदों में 13 चौकों की मदद से इस घरेलू सीजन का अपना पहला शतक जड़ा, जो रणजी ट्रॉफी के इतिहास का छठा सबसे तेज शतक है। उन्होंने इस मामले में ऋषभ पंत को पीछे छोड़ा।

रणजी ट्रॉफी में सबसे तेज शतक

48 बॉल – ऋषभ पंत (2016/17)
56 बॉल – रियान पराग (2023-24)
56 बॉल – आरके बोरा (1987/88)
60 बॉल – एस रूबेन पॉल (1995/96)
68 बॉल – रजत पाटीदार (2024-25)
69 बॉल – नमन ओझा (2015-16)
72 बॉल – पृथ्वी शॉ (2025-26)
72 बॉल – एकलव्य द्विवेदी (2015-16)
82 बॉल – ऋषभ पंत (2016-17)

रणजी ट्रॉफी सीजन की धीमी शुरुआत

पृथ्वी शॉ ने पिछले हफ्ते रणजी ट्रॉफी सत्र की निराशाजनक शुरुआत की थी। केरल के खिलाफ मुकाबले की पहली पारी में वह बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए थे। हालांकि, दूसरी पारी में उन्होंने शानदार अर्धशतक लगाकर जोरदार वापसी की और महाराष्ट्र को पारी की बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई। पिछले साल के कमजोर प्रदर्शन के बाद शॉ अब फिर से अपने करियर को नई दिशा देना चाहते हैं। फिटनेस और अनुशासन से जुड़ी समस्याओं के कारण मुंबई टीम से बाहर किए जाने के बाद वह अब महाराष्ट्र के लिए खुद को साबित करने के मिशन पर हैं।

पृथ्वी शॉ के क्रिकेट करियर पर एक नज़र

पृथ्वी शॉ ने अब तक 58 फर्स्ट-क्लास मैचों में 46.02 के औसत से 4556 रन बनाए हैं, जिसमें 13 शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 379 रन है। लिस्ट-ए क्रिकेट में उन्होंने 55.72 के औसत और 125.74 के स्ट्राइक रेट से 3399 रन जुटाए हैं। वहीं, टी20 प्रारूप में शॉ के नाम 151.54 के स्ट्राइक रेट और 25.01 के औसत से 2902 रन दर्ज हैं। हालांकि, आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला। शॉ ने 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की कप्तानी की थी, जिसमें टीम ने खिताब जीता था। उस टूर्नामेंट में मौजूदा भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ बने थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here