तेज प्रताप यादव का बड़ा ऐलान: महुआ में बनेगा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, होगा भारत-पाकिस्तान मुकाबला

0

नई दिल्ली : बिहार की राजनीति में अब क्रिकेट का रंग चढ़ गया है। जनशक्ति जनता दल के संस्थापक और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने महुआ विधानसभा क्षेत्र में प्रचार करते हुए एक बड़ा ऐलान किया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी को जनता का जनादेश मिला, तो महुआ में एक अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम तैयार किया जाएगा। तेज प्रताप ने यह भी कहा कि वह इस मैदान पर भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबला आयोजित कराने की दिशा में काम करेंगे।

मोबाइल पर दिखाया क्रिकेट स्टेडियम का ब्लूप्रिंट

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, तेज प्रताप यादव ने महुआ में चुनाव प्रचार के दौरान एक टीवी चैनल से बातचीत में बताया कि उन्होंने अपने मोबाइल पर क्रिकेट स्टेडियम का पूरा ब्लूप्रिंट तैयार किया है। उन्होंने कैमरे के सामने मोबाइल दिखाते हुए बताया कि भविष्य में महुआ में किस तरह का इंटरनेशनल स्तर का स्टेडियम बनाया जाएगा। उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। कई लोग इसे मनोरंजक मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे तेज प्रताप की “अनोखी चुनावी रणनीति” बता रहे हैं, जिसने बिहार के चुनावी माहौल में नई चर्चा छेड़ दी है।

महुआ में भारत-पाकिस्तान मैच कराने का सपना दिखा रहे तेज प्रताप

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तेज प्रताप यादव ने अपने मोबाइल फोन पर दिखाया कि वह महुआ में किस तरह का भव्य क्रिकेट स्टेडियम बनवाने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा, “देखिए, हम इसी तरह का क्रिकेट स्टेडियम बनाएंगे। महुआ में इस टाइप का इंटरनेशनल स्टेडियम तैयार करेंगे।” उनका यह बयान सुनते ही वहां मौजूद लोग तालियां बजाने लगे। तेज प्रताप ने आगे कहा, “हम महुआ में भारत और पाकिस्तान का मैच भी कराएंगे, और टॉस के लिए सिक्का भी हम ही उछालेंगे।”

तेज प्रताप यादव ने बताया अपना पसंदीदा क्रिकेटर

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तेज प्रताप ने मुस्कुराते हुए कहा कि वह न सिर्फ क्रिकेट देखते हैं बल्कि खेलते भी हैं। जब उनसे उनके पसंदीदा क्रिकेटर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने जवाब दिया, “हमारे फेवरेट क्रिकेटर तो अब पुराने हो गए। अब नए-नए खिलाड़ी आ गए हैं, जिनके नाम हमें भी ठीक से नहीं पता।” उन्होंने आगे कहा कि महुआ के युवाओं की बड़ी मांग है कि यहां एक क्रिकेट स्टेडियम बने, नेट प्रैक्टिस की सुविधा हो, और नियमित मैच खेले जाएं ताकि महुआ का नाम देश-दुनिया में रोशन हो। साथ ही उन्होंने शिक्षा और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here