लंबे इंतज़ार के बाद बड़ी नाकामी – बाबर आजम फ्लॉप, पाकिस्तान का बुरा हाल

0

नई दिल्ली : साउथ अफ्रीका ने मंगलवार (28 अक्टूबर) को पाकिस्तान को 55 रन से हराकर तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इस मुकाबले में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम की 318 दिन बाद टी20 टीम में वापसी हुई, लेकिन यह वापसी किसी बुरे सपने से कम नहीं रही। बाबर का बल्ला पूरी तरह खामोश रहा — वह सिर्फ 2 गेंद खेलकर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। क्रीज पर उनका टिकाव मुश्किल से 5 मिनट का रहा। इससे भी बड़ी गलती उन्होंने फील्डिंग में की, जब उन्होंने प्लेयर ऑफ द मैच जॉर्ज लिंडे का आसान कैच छोड़ दिया, जिसने बाद में पाकिस्तान की हार में अहम भूमिका निभाई।

बाबर आजम ने इस मैच से पहले पिछली बार पाकिस्तान के लिए टी20 साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में 13 दिसंबर 2024 को खेला था। उस मैच में उन्होंने 20 गेंद पर 31 रन बनाए थे। इसके बाद वह 10 महीने से ज्यादा समय तक पाकिस्तान की टी20 टीम से बाहर रहे। उन्हें एशिया कप 2025 तक से नजरअंदाज किया गया, जिसमें पाकिस्तान की टीम उप-विजेता रही।

कॉर्बिन बॉश ने बाबर आजम को किया पवेलियन रवाना

साउथ अफ्रीका के खिलाफ रावलपिंडी में पहले टी20 में वापसी के बाद उन्होंने निराशाजनक प्रदर्शन किया। वह जब बल्लेबाजी के लिए उतरे तब पाकिस्तान का स्कोर 4.5 ओवर में 1 विकेट पर 31 रन था। साहिबजादा फरहान 24 रन बनाकर आउट हुए थे। बाबर आजम को अगले ही ओवर में तीसरी हेंद पर कॉर्बिन बॉश ने पवेलियन भेजा। रीजा हेंड्रिक्स ने कवर में कैच पकड़ा। इससे 195 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पारी लड़खड़ा गई।

बाबर आजम की बड़ी चूक, जॉर्ज लिंडे का कैच छोड़ा

बाबर आजम का दिन फील्डिंग में भी अच्छा नहीं रहा। उन्होंने 17वें ओवर की पांचवीं गेंद पर जॉर्ज लिंडे का कैच टपका दिया। लिंडे ने लॉन्ग ऑन की दिशा में शॉट खेला था, जिस पर बाबर ने दाईं ओर दौड़ लगाई और गेंद तक पहुंच भी गए, लेकिन गेंद उनके हाथों से फिसलकर सीधे बाउंड्री पार चौके में बदल गई। उस वक्त लिंडे 12 गेंदों पर 18 रन बनाकर खेल रहे थे, और यह शाहीन शाह अफरीदी के ओवर में चौथा चौका साबित हुआ। इस ओवर से कुल 18 रन निकले। बाद में लिंडे ने बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी शानदार प्रदर्शन किया — उन्होंने 3 विकेट झटके और अपनी ऑलराउंड परफॉर्मेंस के दम पर प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here