नई दिल्ली : महिला विश्व कप 2025 का दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार (29 अक्टूबर) को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा। इस बड़े मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए राहत की खबर आई है। टीम की कप्तान एलिसा हीली ने फिटनेस को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं। हीली ने मंगलवार (28 अक्टूबर) को नेट्स में लंबा अभ्यास सत्र किया और अपना फिटनेस टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा किया। अगर वह पूरी तरह फिट घोषित होती हैं, तो सेमीफाइनल में उनकी वापसी से टीम को बड़ा बल मिलेगा।
35 साल की कीपर बैटर ट्रेनिंग के दौरान पिंडली में चोट लगने के कारण इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ लीग मैच नहीं खेल पाई थीं। उनकी जगह ताहलिया मैकग्रा ने सात बार की चैंपियन टीम की कमान संभाली। हीली टूर्नामेंट में ज़बरदस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने भारत और बांग्लादेश के खिलाफ लगातार दो मैचों शतक ठोके। इससे ऑस्ट्रेलिया को लीग स्टेज में अजेय रहने में मदद मिली।
फिटनेस टेस्ट के बाद हीली ने कीपिंग और बैटिंग दोनों में परखी अपनी तैयारी
आईसीसी ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली की चोट पर अपडेट देते हुए बताया कि उन्होंने भारत के खिलाफ महिला विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल से दो दिन पहले, मंगलवार (28 अक्टूबर) को मुंबई में जमकर अभ्यास किया। हीली ने ट्रेनिंग सत्र के दौरान अपने फिटनेस स्तर में सकारात्मक प्रगति दिखाई और रिकवरी को लेकर उत्साहजनक संकेत दिए। सत्र की शुरुआत में उन्होंने फिटनेस टेस्ट पूरा किया, जिसके बाद विकेटकीपिंग ड्रिल्स में हिस्सा लिया। इसके तुरंत बाद उन्होंने फुल नेट सेशन में भाग लेते हुए नेट बॉलर्स के खिलाफ कुछ तगड़े शॉट्स भी लगाए, जिससे उनके पूरी तरह फिट होने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
भारत मुकाबले से पहले हीली की फिटनेस में सुधार, खेलने की उम्मीद बढ़ी
ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच शेली निश्चेके ने इंदौर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच से पहले कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि हीली सेमीफाइनल से पहले पूरी तरह फिट हो जाएंगी। उन्होंने कहा था, “वह (साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच के लिए) पूरी तरह तैयार नहीं थीं, लेकिन उनका आंकलन जारी रहेगा। हमें सच में सेमीफाइनल खेलने की उम्मीद में है, लेकिन उससे पहले अभी कुछ दिन और खेलने हैं। हमें फिर से उम्मीद है, जैसे-जैसे हम उसके करीब पहुंचेंगे, उनका आंकलन जारी रहेगा।”
सेमीफाइनल से पहले याद आई हीली की 142 रन की धमाकेदार पारी
अब तक के टूर्नामेंट में एलिसा हीली का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भारत के खिलाफ देखने को मिला, जब उन्होंने शानदार 142 रन की पारी खेली थी। उनकी इस बेहतरीन पारी में 21 चौके और 3 छक्के शामिल थे। हीली की दमदार बल्लेबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 300 से अधिक के लक्ष्य का पीछा करते हुए तीन विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। यह पारी टूर्नामेंट की सबसे यादगार पारियों में से एक मानी जा रही है और टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई।


