नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया के 17 साल के युवा क्रिकेटर बेन ऑस्टिन का निधन हो गया। उन्हें इस हफ्ते की शुरुआत में नेट्स पर बल्लेबाजी करते समय वही चोट लगी, जो ऑस्ट्रेलिया के दिवंगत क्रिकेटर फिल ह्यूज को लगी थी। मेलबर्न के निवासी इस उभरते हुए क्रिकेटर को वैंगर (मैच से पहले गेंद फेंकने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली डिवाइस) से फेंकी गई गेंद लगी थी, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
ऑस्टिन ने हेलमेट तो पहना था, लेकिन उस पर स्टेम गार्ड नहीं लगा था। क्रिकेट विक्टोरिया के हेड निक कमिंस ने इसकी जानकारी दी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसारकमिंस ने कहा, “10 साल पहले फिल ह्यूज की तरह हुए हादसे में गेंद उनकी भी गर्दन पर लगी थी।” बेन के पिता जेस ने कहा, “इस दुखद घटना ने बेन को हमसे छीन लिया है, लेकिन हमें इस बात से थोड़ी तसल्ली है कि वह उस काम को कर रहा था, जो वह कई गर्मियों से करता आ रहा था। दोस्तों के साथ नेट्स पर जाकर क्रिकेट खेल रहा था।”
नेट्स में बेन को बॉलिंग करने वाले खिलाड़ी के लिए जेस का संदेश
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जेस ने कहा, “हम उस खिलाड़ी के साथ भी खड़े रहना चाहते हैं, जो नेट्स में बेन को गेंदबाजी कर रहा था। इस दुखद हादसे ने दो युवाओं की ज़िंदगी पर गहरा प्रभाव डाला है। हमारी संवेदनाएं और दुआएं उसके साथ-साथ उसके परिवार के लिए भी हैं।” क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चेयरमैन माइक बेयर्ड ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा, “कुछ दिन ऐसे होते हैं जब दिल बुरी तरह टूट जाता है, और आज का दिन उन्हीं में से एक है।”
शोकग्रस्त परिवार को सहयोग की आवश्यकता
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बेयर्ड ने कहा, “क्रिकेट एक ऐसा खेल है जो लोगों और समुदायों को जोड़ता है। यह एक ऐसा खेल भी है जो बहुत गहराई से महसूस होता है। साफ है, हमें इससे कुछ चीजें सीखनी हैं, लेकिन अभी हम परिवार के बारे में चिंतित हैं और उन्हें हर तरह से सपोर्ट करने की कोशिश कर रहे हैं।”
केविन पीटरसन की प्रतिक्रिया
इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन ने इस घटना पर रिएक्शन देते हुए अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “एक 17 साल के लड़के की भयानक खबर, जो कल मेलबर्न में नेट्स में क्रिकेट बॉल से चोटिल हो गया और दुख की बात है कि उसकी मौत हो गई। उसके परिवार और दोस्तों के साथ मेरी संवेदनाएं!”
फिल ह्यूज की मौत कैसे हुई थी?
2014 में शेफील्ड शील्ड मैच के दौरान क्रिकेट बॉल सिर पर लगने के दो दिन बाद फिल ह्यूज का सिडनी के एक अस्पताल में निधन हो गया। उस समय वह मात्र 25 वर्ष के थे। उनकी मौत सेरेब्रल हेमरेज, यानी दिमाग में खून बहने की वजह से हुई थी। इस दुखद घटना ने ऑस्ट्रेलिया ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व क्रिकेट जगत को झकझोर कर रख दिया था।
कई खिलाड़ी नहीं करते स्टेम गार्ड का इस्तेमाल
फिल ह्यूज की मौत के बाद क्रिकेटरों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए हेल्मेट में स्टेम गार्ड जोड़ा गया, ताकि सिर के पिछले हिस्से और गर्दन को अतिरिक्त सुरक्षा मिल सके। हालांकि, कुछ खिलाड़ियों जैसे डेविड वॉर्नर ने शिकायत की है कि स्टेम गार्ड लगाने से गर्दन की मूवमेंट सीमित हो जाती है। वहीं, स्टीव स्मिथ ने 2023 एशेज के दौरान कहा था, “मुझे इसे पहनकर घुटन महसूस होती है। यह ऐसा लगता है जैसे मैं एमआरआई स्कैन मशीन में फंसा हुआ हूं।”


