एनएसटी न्यूज, भोपाल। पांगसू पास और जयरामपुर से “पेडल टू प्लांट” साइक्लिंग मिशन की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया और ग्रीन इंडिया संकल्प से प्रेरित यह अभियान युवाओं को फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता का संदेश दे रहा है। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों के साथ विशिष्ट अतिथि शामिल हुए, जिनमें विधायक लैसम सिमाई, ब्रिगेडियर सरबजीत सिंह और कर्नल अतुल पराशर प्रमुख रहे। 10 असम राइफल्स के 10 जवान, जिनमें 3 महिला राइफलमेन भी शामिल थीं, पांगसू पास से जयरामपुर तक मिशन में शामिल हुए। यह यात्रा न सिर्फ फिटनेस का संदेश देती है बल्कि सीमा क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता को भी मजबूत बनाती है। अभियान को पर्वतारोही अंजना यादव, कोच नीलेश बारोट, एवरेस्टर निशा कुमारी, निक्षा बारोट और पेडल टू प्लांट टीम का समर्थन मिला। टीम ने असम राइफल्स और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया और संदेश दिया कि यह मिशन फिट, स्वच्छ और हरित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ता रहेगा। अरुणाचल प्रदेश से शुरू हुआ यह सफर अब मुंद्रा की ओर बढ़ रहा है और देशभर के युवाओं को प्रेरित कर रहा है।


