नई दिल्ली : भारतीय ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का शानदार फॉर्म रणजी ट्रॉफी में भी जारी है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले तैयारी के तौर पर इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने मुंबई के लिए रणजी ट्रॉफी के तीसरे राउंड में खेलने का फैसला किया। हालांकि, राजस्थान के खिलाफ मुंबई पर पारी से हार का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे हालात में जायसवाल ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक और शानदार शतक जड़कर टीम के लिए उम्मीद की किरण जगाई। इससे पहले, उन्होंने पहली पारी में अर्धशतक बनाकर अपनी लय का संकेत दिया था।
जायसवाल ने जयपुर में राजस्थान के खिलाफ 120 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से अपना शतक पूरा किया। यह जायसवाल का 47वें प्रथम श्रेणी मैच में 17वां शतक है। जायसवाल का मई में मुंबई की टीम में वापसी के बाद पहला मैच है। उन्होंने इस घरेलू सत्र की शुरुआत में गोवा के लिए खेलने के लिए एनओसी मांगी थी। फिर बाद में मुंबई के साथ बने रहने का फैसला किया। मुशीर (63) और रहाणे (18) दोनों के आउट होने के बाद मुंबई अभी भी मुश्किलों में है। जायसवाल पर बड़ा स्कोर बनाकर मेजबान राजस्थान को पारी की जीत से रोकने की जिम्मेदारी है।
राजस्थान अभी भी 170 रनों की बढ़त के साथ मजबूत स्थिति में
मुंबई ने रणजी ट्रॉफी मुकाबले के चौथे दिन लंच ब्रेक तक 2 विकेट पर 193 रन बना लिए हैं, लेकिन टीम अभी भी 170 रनों से पीछे है। ओपनर यशस्वी जायसवाल 127 गेंदों पर 105 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं, जबकि सिद्धेश लाड बिना खाता खोले उनका साथ दे रहे हैं। इससे पहले, राजस्थान ने पहली पारी में 6 विकेट पर 617 रन बनाकर पारी घोषित की थी, जिसमें दीपक हुड्डा ने शानदार दोहरा शतक जड़ा। जवाब में मुंबई की टीम पहली पारी में 254 रन पर सिमट गई, जिसके बाद राजस्थान ने उसे फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर किया।
मुंबई की पहली पारी
मुंबई के लिए पहली पारी में यशस्वी जायसवाल ने 67 और मुशीर खान ने 49 रन बनाए। इसके अलावा शम्स मुलानी ने 32, तुषार देशपांडे ने नाबाद 25, हिमांशु सिंह ने 25 और कप्तान शार्दुल ठाकुर ने 18 रन बनाए। सरफराज खान 15 रन बनाकर आउट हुए। सिद्धेष लाड 8, आकाश आनंद 5 औक अजिंक्य रहाणे 3 रन बनाकर आउट हुए। राजस्थान के लिए अजय कूकना ने 4 और अशोक शर्मा ने 3 विकेट लिए।


