भारत ने जीता वर्ल्ड कप, मगर स्मृति मंधाना खो बैठीं नंबर-1 रैंक, साउथ अफ्रीकी कप्तान ने किया ताज पर कब्जा

0

नई दिल्ली : साउथ अफ्रीका को हराकर भारत के पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप जीतने के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने मंगलवार (4 अक्टूबर) को नई रैंकिंग जारी की। भारत की उपकप्तान स्मृति मंधाना शीर्ष स्थान से फिसल गई हैं और साउथ अफ्रीका की उपकप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट ने नंबर-1 पोजिशन पर कब्जा जमा लिया है। लॉरा ने सेमीफाइनल के बाद फाइनल में भी शानदार शतक जड़ा, हालांकि वह अपनी टीम को खिताब नहीं दिला सकीं।

इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में शतक ठोकने वालीं जेमिमा रोड्रिग्स ने 9 स्थान की छलांग लगाकर टॉप-10 में जगह बनाई। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने चार स्थान की छलांग लगाई है। जेमिमा 10वें नंबर पर हैं। हरमनप्रीत 14वें नंबर पर हैं। भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी 77 रन की पारी के साथ शीर्ष दस में सातवें स्थान पर पहुंच गईं और न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन के साथ संयुक्त रूप से इस स्थान पर हैं, जिन्होंने इस प्रारूप से संन्यास की घोषणा कर दी है। फीबी लिचफील्ड ने उसी मैच में शतक की बदौलत 13 स्थान की छलांग लगाकर अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 13वें स्थान पर पहुंच गईं।

गेंदबाजों की रैंकिंग में हुआ बड़ा उलटफेर

गेंदबाजी रैंकिंग में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। दक्षिण अफ्रीका की ऑलराउंडर मारिजान कैप अब शीर्ष पर काबिज सोफी एक्लेस्टोन के बेहद करीब पहुंच गई हैं। कैप ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 20 रन देकर 5 विकेट झटके थे। इसके दम पर वह दो स्थान ऊपर चढ़कर 712 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड छठे और किम गार्थ सातवें स्थान पर पहुंच गई हैं। श्रीलंका की चरणी ने भी शानदार छलांग लगाई है और अब वह 23वें स्थान पर काबिज हैं।

दीप्ति शर्मा को ऑलराउंडर रैंकिंग में बड़ा फायदा

विश्व कप की प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट दीप्ति शर्मा ने अपने शानदार प्रदर्शन से आईसीसी ऑलराउंडर रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है। उन्होंने सेमीफाइनल और फाइनल में कुल सात विकेट झटके और 82 रन भी बनाए। इस प्रदर्शन की बदौलत दीप्ति ने ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड को पछाड़ते हुए चौथा स्थान हासिल कर लिया है। वहीं, साउथ अफ्रीका की नादिन डी क्लार्क ने दो मैचों में तीन विकेट लेकर दो स्थान ऊपर चढ़कर 10वें स्थान पर जगह बनाई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here