नई दिल्ली : पाकिस्तान ने अपने स्पिन गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन और फिर मोहम्मद रिजवान व सलमान आगा की बेहतरीन पारियों के दम पर फैसलाबाद में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में साउथ अफ्रीका को दो विकेट से मात दी। इस जीत के साथ फैसलाबाद में 17 साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की शानदार वापसी हुई। यह मैच शाहीन अफरीदी के वनडे कप्तान के रूप में भी खास रहा, जिन्होंने अपनी पहली ही कप्तानी पारी में टीम को जीत दिलाई। पाकिस्तान ने दो गेंदें बाकी रहते 264 रनों का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया, जो इकबाल स्टेडियम के इतिहास में सबसे बड़ा चेज़ साबित हुआ।
इस रोमांचक जीत के साथ पाकिस्तान ने वनडे में साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगातार पांचवीं जीत दर्ज कर अपनी विजयी लय बरकरार रखी। पाकिस्तान के ओपनर बल्लेबाज फखर जमान (45) और सैम अयूब (39) ने पहले विकेट के लिए 87 रन जोड़े, लेकिन इसके बाद 18 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। डोनोवन फरेरा ने लगातार ओवरों में दोनों ओपनर्स को आउट किया, जबकि बाबर आजम को ब्योर्न फोर्टुइन ने पवेलियन भेज दिया।
रिजवान-आगा की 91 रनों की जोड़ी ने साउथ अफ्रीका से छीन ली जीत
मोहम्मद रिजवान ने 74 गेंदों पर 55 रनों और सलमान आगा (62) के साथ चौथे विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी की, जिससे टीम को लक्ष्य हासिल करने में मदद मिली। रिजवान ने स्पिन के खिलाफ नरम हाथों से खेला और नियंत्रण के साथ गैप पकड़े, जबकि सलमान ने स्वीप और लेट कट का इस्तेमाल करते हुए स्ट्राइक रोटेट की। दोनों की इस साझेदारी ने पाकिस्तान को मुश्किल मध्य ओवरों से उबारा, लेकिन 39वें ओवर में रिजवान को कॉर्बिन बॉश ने पवेलियन भेजा।
साउथ अफ्रीका की पारी
पाकिस्तान की पारी एक बार फिर लड़खड़ाई। स्कोर 4 विकेट पर 241 से 252 पर 7 विकेट हो गया। हुसैन तलत की 25 गेंदों पर 22 रनों की पारी खेलकर मेजबान टीम को संभाला। इससे पहले साउथ अफ्रीका बल्लेबाजी करते हुए 98 रनों की शानदार ओपनर साझेदारी के बाद 49.1 ओवरों में 263 रनों पर ढेर हो गया। प्रोटियाज टीम में डेब्यू कर रहे तीन प खिलाड़ियों में से एक लुआन-ड्रे प्रिटोरियस (60 गेंदों पर 57 रन) ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने दो साल बाद वनडे में वापसी कर रहे क्विंटन डी कॉक (71 गेंदों पर 63 रन) के साथ बेहतरीन शुरुआत दी। पाकिस्तानी गेंदबाज धीमी पिच पर नई गेंद से जूझते रहे।
सैम अयूब ने तोड़ी साझेदारी
सैम अयूब ने प्रिटोरियस को बैकवर्ड पॉइंट पर कैच कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। फिर टोनी डी जोरजी (18) का अपनी ही गेंद पर कैच लिया। इन दोनों विकेट के बाद नसीम शाह ने डी कॉक को वापस भेजा, जो आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बाग पाकिस्तानी स्पिनरों ने साउथ अफ्रीका के मध्यक्रम पर शिकंजा कस दिया।
अबरार ने एक ही ओवर में पलटा मैच, फेंका डबल विकेट मेडन
कप्तान मैथ्यू ब्रीट्जके (42) और सिनेथेम्बा केशिले (22) ने तेज रन बनाने का प्रयास किया, लेकिन मोहम्मद नवाज ने केशिले को पवेलियन भेजकर साझेदारी तोड़ दी। इसके बाद अबरार अहमद ने अपने अंतिम स्पेल में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले ब्रीट्जके को चलता किया और फिर अगली ही गेंद पर ब्योर्न फोर्टुइन को एलबीडब्ल्यू आउट कर दोहरी सफलता हासिल की। लुंगी एनगिडी ने रिव्यू लेकर खुद को आउट होने से बचाया, लेकिन अबरार ने इस ओवर में डबल-विकेट मेडन डालते हुए साउथ अफ्रीका की पारी को झकझोर दिया। परिणामस्वरूप, मेहमान टीम का स्कोर 3 विकेट पर 191 रन से घटकर 8 विकेट पर 228 रन हो गया।
कॉर्बिन बॉश की 40 गेंदों पर 41 रनों की दमदार बल्लेबाजी
कॉर्बिन बॉश ने 40 गेंदों में 41 रनों की उपयोगी पारी खेली, लेकिन 49वें ओवर में शाहीन अफरीदी की शानदार यॉर्कर पर बोल्ड हो गए। इसके बाद नसीम शाह ने लिजाद विलियम्स को क्लीन बोल्ड कर साउथ अफ्रीका की पारी का अंत किया। इस तरह मेहमान टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। पाकिस्तान ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।


