नई दिल्ली। भारत की महिला क्रिकेट लीग WPL में 2026 की मेगा नीलामी से पहले टीमों ने अपनी रिटेंशन सूची जारी कर दी है। भारत की चार बड़ी क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर, स्मृति मांधना, जेमिमाह रॉड्रिग्स और शेफ़ाली वर्मा को उनकी फ्रेंचाइज़ियों ने बरकरार रखा है। इसके उलट ऑस्ट्रेलिया की अलीसा हीली और मेग लैनिंग, साथ ही न्यूजीलैंड की ऑलराउंडर अमीलिया कर को रिलीज़ किया गया है। भारत की दीप्ति शर्मा, जिन्होंने हाल ही में विश्व कप में प्लेयर ऑफ द सीरीज़ का खिताब जीता था, उन्हें भी UP वॉरियर्ज़ ने रिटेन नहीं किया है, जबकि 2025 में हीली की गैरमौजूदगी में दीप्ति टीम की कप्तान भी थीं।
जानकारी के अनुसार मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स ने पांच-पांच खिलाड़ियों को रिटेन किया है, जो WPL के नियमों के अनुसार अधिकतम सीमा है। RCB ने चार, गुजरात जायंट्स ने दो और UP वॉरियर्ज़ ने सिर्फ एक खिलाड़ी को बरकरार रखा है। दिल्ली कैपिटल्स में ऐनाबेल सदरलैंड, मरीजान काप, जेमिमाह रॉड्रिग्स, शेफ़ाली वर्मा और निकी प्रसाद शामिल हैं। मुंबई इंडियंस ने हरमनप्रीत कौर, नैट सिवर-ब्रंट, अमनजोत कौर, जी कमिलिनी और हेली मैथ्यूज़ को रिटेन किया है। आरसीबी ने स्मृति मांधना, एलिस पेरी, ऋचा घोष और श्रेयंका पाटिल को अपने पास रखा है, जबकि गुजरात जायंट्स ने एश्ली गार्डनर और बेथ मूनी को रिटेन किया है। UP वॉरियर्ज़ ने सिर्फ श्वेता सहरावत को अपने साथ रखा है।
WPL रिटेंशन नियमों के अनुसार कोई भी टीम अधिकतम तीन भारतीय कैप्ड खिलाड़ी, दो विदेशी खिलाड़ी और दो अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी रख सकती है। अगर कोई टीम पांच खिलाड़ियों को रिटेन करती है तो उसमें कम से कम एक अनकैप्ड खिलाड़ी होना जरूरी है। इस बार लीग ने पहली बार नीलामी में राइट-टू-मैच का विकल्प दिया है, जिससे टीमें अपने 2025 स्क्वॉड के खिलाड़ियों को नीलामी में दोबारा खरीद सकती हैं।
हर टीम को नीलामी के लिए 15 करोड़ रुपये का पर्स मिला है। रिटेंशन के हिसाब से टीमों के पर्स से तय कटौती की जाएगी। पांच खिलाड़ियों को रिटेन करने पर 9.25 करोड़, चार पर 8.75 करोड़, तीन पर 7.75 करोड़, दो पर 6 करोड़ और एक खिलाड़ी पर 3.5 करोड़ रुपये पर्स से घटेंगे। इसी आधार पर दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के पास नीलामी के लिए 5.75 करोड़ रुपये बचेंगे और दोनों के पास कोई RTM नहीं होगा। UP वॉरियर्ज़ के पास 14.5 करोड़ रुपये और चार RTM उपलब्ध रहेंगे। गुजरात जायंट्स के पास 9 करोड़ रुपये और तीन भारतीय खिलाड़ियों के लिए RTM होंगे, जबकि RCB 6.25 करोड़ रुपये और एक RTM के साथ नीलामी में उतरेगी।

