ऑकलैंड। वेस्टइंडीज ने न्यूजीलैंड को पहले टी–20 मुकाबले में 7 विकेट से हराकर पाँच मैचों की सीरीज में 1–0 की बढ़त हासिल कर ली। ईडन पार्क में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। वेस्टइंडीज ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट पर 164 रन बनाए, जबकि न्यूजीलैंड की टीम 9 विकेट पर 157 रन ही बना पाई। वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर रोस्टन चेज ने बल्ले और गेंद दोनों से असरदार प्रदर्शन किया और प्लेयर ऑफ द मैच बने।

वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ब्रैंडन किंग सिर्फ 3 रन पर आउट हो गए। एलिक एथनाज 16 और अकीम ऑगस्टे 2 रन बनाकर लौटे। इसके बाद कप्तान शाई होप ने पारी को संभाला और 39 गेंद पर 53 रन की आधी सदी लगाई। रोस्टन चेज ने 28 रन जोड़े, जबकि रोवमन पॉवेल ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 33 रन बनाए। टीम ने 164 का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। न्यूजीलैंड के लिए जैकरी फॉल्क्स और जैकब डफी ने दो-दो विकेट हासिल किए। 165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत भी डगमगाई। टीम ने 48 रन पर अपने दो विकेट खो दिए। डेवोन कॉन्वे 13, टिम रोबिनसन 27 और मार्क चापमन 7 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रचिन रवींद्र ने 21 रन बनाए, लेकिन मिडिल ऑर्डर लगातार लड़खड़ाता रहा। डेरिल मिचेल 13, माइकल ब्रेसवेल 1 और जिमी नीशम 11 रन ही जोड़ पाए। इसके बाद कप्तान मिचेल सैंटनर ने एक छोर संभाला और टीम को मुकाबले में बनाए रखा।
आखिरी तीन ओवर में न्यूजीलैंड को 56 रन चाहिए थे। सैंटनर ने 18वें ओवर में मैथ्यू फॉर्ड के खिलाफ 23 रन जड़कर मैच को रोमांचक बना दिया। 19वें ओवर में 13 रन आए, जिससे अंतिम ओवर में 20 रन की जरूरत रह गई। सैंटनर ने पूरी कोशिश की, लेकिन रोमारियो शेफर्ड ने सिर्फ 12 रन ही दिए और वेस्टइंडीज को 7 रन की जीत दिला दी। सैंटनर 55 रन बनाकर नॉटआउट रहे। वेस्टइंडीज की ओर से रोस्टन चेज और जैडन सील्स ने 3–3 विकेट लिए। मैथ्यू फॉर्ड, रोमारियो शेफर्ड और अकील हुसैन को एक-एक विकेट मिला। सीरीज का दूसरा मुकाबला 6 नवंबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा। टी–20 सीरीज के बाद दोनों टीमें 3 वनडे और 3 टेस्ट खेलेंगी।

