शेफर्ड–स्प्रिंगर की कड़ी मेहनत बेअसर, आख़िरी पलों में न्यूज़ीलैंड ने मैच अपने नाम किया

0

नई दिल्ली: वेस्टइंडीज की टीम इन दिनों ऑल फॉर्मेट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड दौरे पर है। दौरे की शुरुआत टी-20 सीरीज से हुई, जहां तीसरा मुकाबला नेल्सन के ओवल स्टेडियम में खेला गया। इस रोमांचक मैच में न्यूजीलैंड ने 9 रन से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए कीवी टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 177 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 19.5 ओवर में 168 पर सिमट गई। विंडीज की ओर से रोमारियो शेफर्ड और शमार स्प्रिंगर ने संघर्षपूर्ण पारियां खेलीं, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। पांच मैचों की सीरीज में फिलहाल न्यूजीलैंड 2-1 की बढ़त बनाए हुए है।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 177 रन बनाए। टिम रॉबिनसन और डेवोन कॉनवे ने पहले विकेट के लिए 5.5 ओवर में 47 रन जोड़ते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। रॉबिनसन 21 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कॉनवे ने रचिन रवींद्र के साथ दूसरे विकेट के लिए तेज़ 28 गेंदों में 50 रन की साझेदारी की। रचिन ने 15 गेंदों में 26 रन बनाए, जबकि कॉनवे ने 34 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से शानदार 56 रन की पारी खेली। अंत में डेरिल मिचेल ने भी 41 रनों का उपयोगी योगदान दिया। वेस्टइंडीज की ओर से मैथ्यू फोर्ड और जेसन होल्डर ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि रोमारियो शेफर्ड और शमर स्प्रिंगर को 1-1 सफलता मिली।

इसके जवाब में टारगेट का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम 19.5 ओवरों में 168 रन पर सिमट गई। रन चेज के दौरान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज आमिर जंगू महज 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान शाई होप (1) भी पवेलियन लौट गए। 15 के स्कोर तक टीम 2 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से एकीम ऑगस्टे ने एलिक अथनाजे ने तीसरे विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी की। अथानाजे 23 गेंदों में 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे। शेफर्ड ने शमर स्प्रिंगर के साथ 9वें विकेट के लिए 39 गेंदों में 78 रन की साझेदार की। शेफर्ड 34 गेंदों में 4 चौकों और 3 छक्के की मदद से 49 रन बनाकर आउट हुए, वहीं स्प्रिंगर ने 20 गेंदों में 39 रन की तूफानी पारी खेली। न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी और ईश सोढ़ी ने 3-3 विकेट हासिल किए। वेस्टइंडीज ने ऑकलैंड में खेले गए पहले टी20 मैच को 7 रन से अपने नाम किया था। इसके बाद इसी मैदान पर न्यूजीलैंड ने दूसरे टी20 मैच में शानदार वापसी करते हुए 3 रन से जीत दर्ज की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here