नई दिल्ली : भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच कोलकाता में 14 नवंबर से शुरू होगा। ऑस्ट्रेलिया के सफल दौरे के बाद टीम इंडिया साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी मजबूत प्रदर्शन की कोशिश करेगी। हालांकि, साउथ अफ्रीका एक मजबूत टीम है और उनके बल्लेबाजों को रोकने के लिए भारत को सबसे असरदार गेंदबाजी संयोजन के साथ मैदान में उतरना होगा।
पहले टेस्ट में भारत इन गेंदबाजों के साथ कर सकता है मुकाबला
कोलकाता की पिच पर मैच के तीसरे, चौथे और पांचवें दिन स्पिन गेंदबाजों को अधिक मदद मिलती है, इसलिए भारतीय टीम तीन स्पिनर्स के साथ उतर सकती है। अगर टीम में तीन स्पिनर होंगे, तो दो तेज गेंदबाजों को प्लेइंग इलेवन में जगह मिल सकती है। इसके अलावा, हमने देखा है कि इंडिया ए के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया ए ने 417 रन का पीछा किया था और इंडिया ए के तेज गेंदबाज कुछ खास असर नहीं दिखा पाए थे। साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ कमजोर माने जाते हैं, इसलिए भारत अपने घर में इसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेगा।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण की बात करें तो सबसे पहला नाम जसप्रीत बुमराह का होगा, जिनके साथ मोहम्मद सिराज खेलेंगे। बुमराह और सिराज की जोड़ी साउथ अफ्रीका के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती है, जैसा कि हमने इंग्लैंड में देखा था। टीम में स्पिन विशेषज्ञ के रूप में कुलदीप यादव शामिल होंगे, जिन्होंने विंडीज के खिलाफ सबसे अधिक विकेट लिए थे और उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए ऑस्ट्रेलिया से जल्दी लौटाया गया था। हालांकि, कुलदीप का साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ प्रदर्शन खासा प्रभावशाली नहीं रहा था, फिर भी वह मुख्य टीम के प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह बनाएंगे।
पहले टेस्ट की गेंदबाजी आक्रमण में रविंद्र जडेजा का नाम तय माना जा रहा है, जो टीम के प्रमुख ऑलराउंडर हैं। तीसरे स्पिनर के तौर पर अक्षर पटेल या वाशिंगटन सुंदर में से किसी एक को मौका मिल सकता है, हालांकि हालिया प्रदर्शन के आधार पर सुंदर के प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की संभावना अधिक लग रही है। यानी, कोलकाता में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, रविंद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर के खेलने की संभावना है।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टेस्ट टीम
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उप-कप्तान-विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जड़ेजा, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, आकाशदीप।


