नई दिल्ली : आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच एक बड़ी ट्रेड डील लगभग तय मानी जा रही है। खबरों के अनुसार, सीएसके संजू सैमसन को अपनी टीम में शामिल करने के लिए दो खिलाड़ियों को रिलीज करने पर सहमत हो गई है। पहले यह चर्चा थी कि राजस्थान की मांग के कारण डील अटकी हुई है, क्योंकि उन्होंने सैमसन के बदले चेन्नई से दो खिलाड़ियों की मांग की थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह सौदा रविंद्र जडेजा और सैम करन के इर्द-गिर्द घूमता नजर आ रहा है।
क्या बीसीसीआई से छिपकर हो रही है ये बड़ी ट्रेड डील?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आईपीएल के ट्रेड नियमों के अनुसार इस ट्रेड की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आमतौर पर आईपीएल में किसी ऐसी ट्रेड को पूरा होने में 48 घंटे का समय लग जाता है। इसी कारण इसकी आधिकारिक पुष्टी और पब्लिक अनाउंसमेंट में भी दो दिन का वक्त लग सकता है। नियम के मुताबिक अब इस ट्रे़ड की जानकारी बीसीसीआई को दी जाएगी और उसके अप्रूवल के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। मगर क्रिकबज को एक अधिकारी के हवाले से पता चला कि अभी तक किसी भी फ्रेंचाइजी ने बीसीसीआई को जानकारी नहीं दी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस ट्रेड में शामिल तीनों खिलाड़ियों ने अपनी सहमति दे दी है और सभी ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत एनओसी (No Objection Certificate) पर हस्ताक्षर भी कर दिए हैं। इस डील में दो भारतीय खिलाड़ियों के साथ इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन भी शामिल हैं, इसलिए इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) को भी इस प्रक्रिया में शामिल किया गया है। अब चेन्नई सुपर किंग्स को अपने दोनों खिलाड़ियों की सहमति रिपोर्ट और राजस्थान रॉयल्स को संजू सैमसन की मंजूरी बीसीसीआई को सौंपनी होगी।
जानकारी के अनुसार, शुरुआत में राजस्थान रॉयल्स ने ट्रेड के तहत रविंद्र जडेजा के साथ डेवाल्ड ब्रेविस को शामिल करने की मांग रखी थी, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। इसके बाद चर्चा सैम करन के नाम पर आकर ठहर गई। गौरतलब है कि रविंद्र जडेजा और संजू सैमसन दोनों को उनकी-उनकी टीमों ने पिछले सीजन में 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया था, जिससे इन दोनों खिलाड़ियों का सीधा स्वैप संभव हो सकता है। हालांकि, सैम करन को सीएसके ने पिछले सीजन सिर्फ 2.4 करोड़ में खरीदा था, ऐसे में इस डील का आर्थिक संतुलन कैसे बनेगा, इसका खुलासा फाइनल रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

