कोलकाता। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले पहले टेस्ट से पहले भारतीय टीम में बदलाव देखने को मिला है। ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी को पहले टेस्ट के लिए टीम से रिलीज़ कर दिया गया है, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के साथ ध्रुव जुरेल बतौर बल्लेबाज एकादश में शामिल हो सकते हैं। बीसीसीआई ने बताया कि नीतीश रेड्डी अब साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ वनडे सीरीज़ के लिए राजकोट में भारत ए टीम से जुड़ेंगे। वहीं, टीम इंडिया के सहायक कोच रायन टेन डोशकाटे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जुरेल के खेलने के संकेत दिए। उन्होंने कहा, जिस फॉर्म में जुरेल हैं, उन्हें बाहर रखना मुश्किल है। पिछले छह महीनों में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है।
जुरेल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट में शतक जड़ा था और हाल ही में साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ दोनों पारियों में भी शतक बनाए। वहीं, पंत अपनी चोट के बाद पहली बार टेस्ट में बतौर विकेटकीपर वापसी करेंगे। कोच ने बताया कि जडेजा, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर जैसे ऑलराउंडरों की मौजूदगी टीम को लचीलापन देती है। हमारे पास एक अच्छा संतुलन है। मुझे आश्चर्य होगा अगर इस सप्ताह जुरेल और पंत दोनों न खेलें। पहले टेस्ट के लिए भारतीय दल में शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान), के.एल. राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और आकाश दीप शामिल हैं।

