वैभव सूर्यवंशी की धुआंधार वापसी: 200 दिन बाद धमाका, अभिषेक शर्मा का छक्का रिकॉर्ड ध्वस्त, श्रेयस अय्यर की बराबरी

0

नई दिल्ली : एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 में इंडिया ए का प्रतिनिधित्व कर रहे युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन किया। लंबे इंतज़ार के बाद मैदान पर लौटे वैभव ने ऐसी पारी खेली कि क्रिकेट जगत दंग रह गया। उनकी शॉट चयन, टाइमिंग और आक्रामक अंदाज़ ने विश्व क्रिकेट को दिखा दिया कि वह भविष्य में क्या कमाल कर सकते हैं। उनकी इस इनिंग ने टीम इंडिया ए को मज़बूत स्थिति में पहुंचाने के साथ-साथ दुनिया को उनके प्रतिभा की एक झलक भी दिखा दी।

वैभव ने अपनी विस्फोटक पारी के दौरान 15 छक्के भी लगाए और इन छक्कों के दम पर उन्होंने अभिषेक शर्मा के इस खास रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। यही नहीं वैभव सूर्यवंशी टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बैटर तो हैं ही, लेकिन वो 15 साल से कम की उम्र में दो बार शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी भी बने। इसके अलावा 35 गेंदों के अंदर 2 बार टी20 में शतक लगाने वाले भी वो पहले खिलाड़ी बने।

वैभव सूर्यवंशी ने 200 दिन बाद जड़ा धमाकेदार शतक

वैभव सूर्यवंशी ने दुनिया का ध्यान खींचने वाली पारी खेलते हुए एक बार फिर टी20 क्रिकेट में अपनी धमाकेदार छाप छोड़ी। उन्होंने अपना दूसरा टी20 शतक 200 दिन बाद जड़ दिया। दिलचस्प बात यह है कि जब वैभव ने आईपीएल 2025 में टी20 करियर का पहला शतक लगाया था, तब उनकी उम्र मात्र 14 साल 32 दिन थी। अब, 14 साल 232 दिन की उम्र में उन्होंने दूसरा शतक ठोकते हुए साबित कर दिया कि वह असाधारण प्रतिभा के धनी हैं। यूएई के खिलाफ इस मैच में वैभव ने सिर्फ 42 गेंदों पर 144 रन की तूफानी पारी खेली। इसमें 15 छक्के और 11 चौके शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट भी अविश्वसनीय 342.86 रहा। उनकी यह पारी न सिर्फ मैच का रुख बदल गई, बल्कि रिकॉर्ड बुक्स में भी एक नई चमक जोड़ गई।

वैभव ने अपनी इस पारी में 15 छक्के लगाने के बाद अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ दिया और भारत की तरफ से टी20 क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर की लिस्ट में श्रेयस अय्यर और भानू पानिया के साथ संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर आ गए। वैभव ने अभिषेक को पीछे छोड़ा जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अपनी पारी के दौरान 13 छक्के लगाए थे। अभिषेक इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं।

टी-20 की एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले भारतीय

17 – पुनित बिष्ट बनाम मिजोरम
15 – श्रेयस अय्यर बनाम सिक्किम
15 – भानु पानिया बनाम सिक्किम
15 – वैभव सूर्यवंशी बनाम यूएई ए
13 – अभिषेक शर्मा बनाम इंग्लैंड

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here