एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित U-22 इंटर क्लब/अकादमी बॉयज क्रिकेट टूर्नामेंट में सेंचुरियन क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजगढ़ डिस्ट्रिक्ट को 82 रन से हराया। मुकाबला फेथ क्रिकेट क्लब मैदान पर खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेंचुरियन अकादमी ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 322 रन का मजबूत स्कोर बनाया। टीम के बल्लेबाज आयुष अवस्थी ने 160 रन की धमाकेदार पारी खेली, जबकि आर्यन साहनी ने 62 रन जोड़कर टीम को बड़ा आधार दिया। राजगढ़ की ओर से हरीश दांगी ने 3 और योगेश यादव ने 2 विकेट लिए। जवाब में राजगढ़ डिस्ट्रिक्ट की टीम 45.5 ओवर में 240 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से मन प्रताप सिंह ने 74 रन, योगेश यादव ने 56 रन और राघव सोनी ने नाबाद 36 रन बनाए। सेंचुरियन अकादमी की तरफ से गेंदबाज मोहम्मद अफ्फान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि आर्यन साहनी ने 2 विकेट हासिल किए। सेंचुरियन अकादमी ने बेहतरीन बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाजी के दम पर मुकाबला 82 रन से जीता।

