जयपुर. राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2026 के लिए अपने कोचिंग स्टाफ में अहम बदलाव किए हैं। कुमार संगाकारा अब टीम के मुख्य कोच और क्रिकेट निदेशक की दोहरी भूमिका निभाएंगे। पिछली बार बल्लेबाजी कोच रहे विक्रम राठौड़ को प्रमोशन देकर सहायक कोच बनाया गया है। यह बदलाव औपचारिक माना जा रहा है, क्योंकि IPL 2025 के दौरान भी संगाकारा ने राहुल द्रविड़ के अलग होने के बाद दोनों भूमिकाएं साथ निभाई थीं। संगाकारा 2021 से 2024 तक भी प्रमुख कोच रहे हैं। उनके कार्यकाल में RR ने 2022 के फाइनल और 2024 के प्लेऑफ में जगह बनाई थी। फ्रैंचाइज़ी के मुख्य मालिक मनोज बदाले ने कहा कि संगाकारा टीम को स्थिरता और स्पष्ट रणनीति देने में सक्षम हैं। उन्होंने बताया कि संगाकारा की क्रिकेट समझ और नेतृत्व टीम को आगे ले जाने में मदद करेगी। राठौड़ के साथ-साथ अन्य कोचिंग स्टाफ में भी निरंतरता रखी गई है। शेन बॉन्ड गेंदबाजी कोच बने रहेंगे, जबकि ट्रेवर पेनी और सिड लाहिरी क्रमशः सहायक कोच और हाई-परफॉर्मेंस कोच के रूप में काम करते रहेंगे। टीम अब नए कप्तान के साथ आगे बढ़ेगी, क्योंकि RR ने संजू सैमसन को ट्रेड कर चेन्नई सुपर किंग्स से रवींद्र जाडेजा और सैम करन को शामिल किया है। टीम ने कई खिलाड़ियों को रिलीज़ या ट्रेड भी किया है और आगामी नीलामी के लिए 16.05 करोड़ रुपये के साथ नौ स्लॉट भरने हैं, जिनमें एक विदेशी स्लॉट भी शामिल है।

