अय्यर आउट, पंत इन; साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए ऐसी हो सकती है 15 सदस्यीय संभावित टीम

0

नई दिल्ली : भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट श्रृंखला समाप्त होने के बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज का आयोजन किया जाएगा। इस सीरीज के लिए भारतीय टीम का आधिकारिक ऐलान जल्द ही होने की उम्मीद है। भारत–साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज की शुरुआत 30 नवंबर को होगी, जबकि अंतिम मुकाबला 6 दिसंबर को खेला जाएगा।

हार्दिक और पंत की टीम में संभावित जोरदार वापसी

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाली वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया में ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की वापसी की पूरी उम्मीद है, क्योंकि वे अब पूरी तरह फिट हैं। वहीं, विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की भी टीम में वापसी संभावित मानी जा रही है। इस सीरीज में श्रेयस अय्यर चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे, क्योंकि वे ऑस्ट्रेलिया दौरे की वनडे सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे। पंत चौथे नंबर पर श्रेयस के विकल्प के रूप में टीम संयोजन में फिट बैठ सकते हैं।

वरुण चक्रवर्ती को टीम में मिल सकता है बड़ा मौका

रोहित शर्मा के बाद भारतीय वनडे टीम की कप्तानी संभालने वाले शुभमन गिल साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दौरान चोटिल हो गए थे, लेकिन उनके वनडे सीरीज में खेलने की पूरी संभावना है। ऐसे में टीम की कमान गिल ही संभालते नजर आएंगे। वहीं, नवंबर के अंत में आई कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कुलदीप यादव की शादी होने वाली है, जिसके चलते उनका इस सीरीज में खेलना संभव नहीं दिखता। यदि कुलदीप उपलब्ध नहीं रहते हैं, तो स्पिन विभाग में वरुण चक्रवर्ती की टीम में एंट्री की पूरी संभावना बन सकती है।

यशस्वी जायसवाल बन सकते हैं टीम के बैकअप ओपनर

भारतीय वनडे टीम में यशस्वी जायसवाल बैकअप ओपनर के रूप में टीम में शामिल किए जा सकते हैं तो वहीं टीम में ऑलराउंडर के रूप में नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा हो सकते हैं। जबकि बतौर तेज गेंदबाज टीम में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह हो सकते हैं।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए संभावित भारतीय टीम

रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा।

भारत बनाम साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज का शेड्यूल

30 नवंबर- दोपहर 1:30 बजे से (रांची)
3 दिसंबर- दोपहर 1:30 बजे से (रायपुर)
6 दिसंबर- दोपहर 1:30 बजे से (विशाखापट्नम)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here