भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच बोले: गौतम गंभीर पर हो रहा एजेंडा आधारित हमला

0

नई दिल्ली: साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में भारत की हार के बाद हेड कोच गौतम गंभीर की आलोचना से बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक काफी नाराज हैं। उन्हें लगता है कि कुछ लोग अपनी व्यक्तिगत लाभ की खातिर यह सब कर रहे हैं। कोलकाता में 30 रन से मिली हार, गंभीर की कप्तानी में पिछले एक साल में भारत की घरेलू सरजमीं पर चौथी टेस्ट हार थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कोटक ने शनिवार (22 नवंबर) से शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट से पहले गुरुवार को कहा, “गौतम गंभीर की आलोचना हो रही है। मैं यह इसलिए कह रहा हूं क्योंकि मैं एक स्टाफ हूं और मुझे बुरा लग रहा है। यह तरीका नहीं है। हो सकता है कि कुछ लोगों के अपने-अपने एजेंडा हों। उन्हें गुड लक, लेकिन यह बहुत बुरा है।”

पिच को लेकर आलोचना का बचाव करते नजर आए कोच

कोलकाता में पहले टेस्ट में भारत 124 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए हार गया, जिसके बाद गंभीर की पिच को लेकर आलोचना हो रही है। हेड कोच ने अपने बल्लेबाजों की आलोचना की थी कि वे परिस्थितियों के अनुसार अपने खेल को ढालने में असफल रहे। रैंक टर्नर पिच पर यह मैच मात्र तीन दिन में समाप्त हो गया।

गौतम गंभीर ने शुभमन गिल के बयान का किया खंडन

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गौतम गंभीर ने स्पष्ट किया कि पिच पूरी तरह से टीम मैनेजमेंट की मांग के अनुरूप तैयार की गई थी। यह बयान कप्तान शुभमन गिल के कुछ हफ्ते पहले दिए गए बयान से पूरी तरह भिन्न था, जिसमें गिल ने कहा था कि उनकी टीम घरेलू मैदानों पर अधिक स्पोर्टिंग पिचों पर खेलने पर विचार कर रही है।

सवालों का निशाना केवल गौतम गंभीर पर

कोटक को इस बात पर हैरानी हुई कि गंभीर के अलावा किसी और पर सवाल नहीं उठाए जा रहे हैं। बल्लेबाजों की नाकामी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “कोई यह नहीं कह रहा कि इस बल्लेबाज ने क्या किया या उस गेंदबाज ने क्या किया, या हम बैटिंग में कुछ अलग कर सकते थे। पिछले मैच में विकेट गिरने के बाद गौतम ने खुद को ही दोषी ठहराया और कहा कि उन्होंने यह इसलिए किया क्योंकि उन्हें लगा कि क्यूरेटर पर दोष नहीं डालना चाहिए।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here