93 साल में 38वें कप्तान: ऋषभ पंत संभालेंगे भारतीय टेस्ट टीम, गुवाहाटी में बदलेगी टीम इंडिया की किस्मत?

0

नई दिल्ली: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार, 22 नवंबर से शुरू होगा। इस मैच से पहले टीम के नियमित कप्तान शुभमन गिल गर्दन की चोट के कारण बाहर हो गए हैं। वहीं, ऋषभ पंत पहली बार टेस्ट क्रिकेट में पूरी पारी के दौरान भारतीय टीम की कमान संभालने के लिए तैयार हैं। भारतीय टेस्ट क्रिकेट के 93 साल के इतिहास में पंत 38वें कप्तान बनेंगे।

हालांकि, इससे पहले बीच-बीच में बतौर उपकप्तान होने के नाते गिल की गैरमौजूदगी में पंत ने कप्तानी संभाली है। मगर यह पहला ऐसा मौका होगा जब वह पहली बार बतौर कप्तान टेस्ट क्रिकेट में टॉस के लिए उतरेंगे और टीम की पूरे मैच में कमान संभालेंगे। गौरतलब है कि गुवाहाटी के इसी मैदान पर अक्टूबर 2018 में ऋषभ पंत ने अपना वनडे डेब्यू भी किया था। अब उनके ऊपर जिम्मेदारी है टीम इंडिया को क्लीन स्वीप से बचाने की।

क्या ऋषभ पंत की कप्तानी से बदलेगी टीम इंडिया की तक़दीर?

भारतीय टीम कोलकाता टेस्ट में 30 रन से हारने के बाद सीरीज में 0-1 से पिछड़ रही है। इस सीरीज में अगर भारत को क्लीन स्वीप से बचना है तो गुवाहाटी में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। अब देखना होगा कि ऋषभ पंत की कप्तानी में टीम इंडिया की किस्मत कितनी बदल पाती है। भारतीय टीम के प्लेइंग कॉम्बिनेशन में भी कई बदलाव नजर आ सकते हैं।

शुभमन गिल की अनुपस्थिति में कौन संभालेगा कमान?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि शुभमन गिल की अनुपस्थिति में नंबर 4 की पोजीशन कौन संभालेगा। भारतीय टीम पहले ही नंबर 3 की पहेली को सुलझा नहीं पा रही है और अब नंबर 4 भी चिंता का विषय बन गया है। हालांकि, कोलकाता टेस्ट में दूसरी पारी में गिल के बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरने पर ध्रुव जुरेल ने यह पोजीशन संभाली थी, लेकिन वे कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए। अब यह देखना होगा कि गुवाहाटी टेस्ट में इस पोजीशन पर वही बल्लेबाजी करेंगे या टीम देवदत्त पडिक्कल को मौका देगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here