एनएसटी न्यूज, भोपाल। भोपाल संभाग क्रिकेट संघ और पब्लिक वाणी द्वारा आयोजित स्वर्गीय ठाकुर हुकुम सिंह स्मृति अखिल भारतीय क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार से कॉर्पोरेट वर्ग के मुकाबलों की शुरुआत हुई। पहले ही दिन दोनों मैच कड़े संघर्ष के साथ खेले गए। पहले मैच में मीडिया एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित overs में 152/5 रन बनाए। निखिल शुक्ला ने 42, अजय मौर्य ने 32 और प्रभात शुक्ला ने 20 रन जोड़े। राफेल एकादश की ओर से मयंक इसरानी और नीलम माहौरे ने 2–2 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए राफेल एकादश ने मनोज सेन के ताबड़तोड़ 64 रन, अंकित शर्मा के 31 और मानव के 30 रनों की बदौलत 19.2 ओवर में 157/6 रन बनाकर मैच 4 विकेट से जीत लिया।मीडिया एकादश के लिए निखिल शुक्ला ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि विवेक साध्य और आयुष नेगी ने एक–एक विकेट लिया। प्रदर्शन को देखते हुए इस मैच में मनोज सेन और निखिल शुक्ला को संयुक्त रूप से मैन ऑफ द मैच चुना गया।
भोपाल फीनिक्स बनाम यूज लोकेटर
दूसरे मैच में यूज लोकेटर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 164/10 रन बनाए। आकाश ने 40 और नरेश थापा ने 20 रन जोड़े।
भोपाल फीनिक्स की ओर से आयुष पटेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके। अभिषेक, सनत और शिवांश ने एक–एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए फीनिक्स ने शानदार बल्लेबाजी की और 19 ओवर में 167/4 रन बनाकर मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम किया। शुभम दुबे 65* रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि शिवांश दीक्षित ने 35 और दीपेश ने 22 रन बनाए। यूज लोकेटर की ओर से नरेश बघेल और प्रद्युम्न ने 2–2 विकेट लिए। इस मैच में आयुष पटेल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार सेंचुरियन क्रिकेट अकादमी के संचालक अभिनव रायसा और स्वदेश सिंह कुशवाह ने प्रदान किया।
आज के मुकाबले:
- इनकम टैक्स एकादश बनाम नगर निगम कमिश्नर एकादश – प्रातः 9 बजे
- सुपर हिटर्स बनाम डॉ. रज़ा एकादश – दोपहर 12:30 बजे

