20.8 C
New Delhi
Monday, March 16, 2026

गलत फैसले से पलटा मैच, पाकिस्तान पहुंचा फाइनल में—श्रीलंका बाहर, अब बांग्लादेश से भिड़ंत

नई दिल्ली: पाकिस्तान शाहीन्स ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 में अपने अजेय अभियान को जारी रखते हुए एक और धमाकेदार जीत दर्ज की है। लीग स्टेज के तीनों मुकाबलों में विजय हासिल करने के बाद टीम ने सेमीफाइनल में भी शानदार प्रदर्शन किया और 154 रन के स्कोर को सफलतापूर्वक डिफेंड करते हुए श्रीलंका ए को 5 रन से मात दी। इसी जीत के साथ शाहीन्स ने फाइनल में जगह बना ली है, जहाँ उनका मुकाबला बांग्लादेश ए से होगा—जिसने पहले सेमीफाइनल में रोमांचक सुपर ओवर के जरिए इंडिया ए को बाहर का रास्ता दिखाया। इस मैच में अंपायर का एक विवादित फैसला श्रीलंका के लिए निर्णायक साबित हुआ और उनकी हार की बड़ी वजह बन गया।

गलत फैसले ने छीनी श्रीलंका की जीत

एक समय श्रीलंका का स्कोर 99 रन पर 8 विकेट था, जिससे पाकिस्तान की जीत लगभग तय मानी जा रही थी। लेकिन मिलान रत्नायका ने ट्रवीन मैथ्यू के साथ मिलकर मुकाबले को रोमांचक मोड़ दे दिया। रत्नायका ने 32 गेंदों में 40 रन की बहादुर पारी खेली और दोनों ने मिलकर 9वें विकेट के लिए 47 रन जोड़े। मैच पाकिस्तान की पकड़ से थोड़ा ढीला पड़ने लगा था, तभी आखिरी ओवर में उबैद शाह की गेंद पर फील्ड अंपायर ने रत्नायका को पगबाधा आउट दे दिया, जबकि गेंद स्पष्ट रूप से लेग स्टंप के बाहर जा रही थी। टूर्नामेंट में डीआरएस उपलब्ध न होने के कारण वह निर्णय बदल नहीं सका और रत्नायका को पवेलियन लौटना पड़ा। इस एक गलत फैसले का भारी नुकसान श्रीलंका ए को हुआ और टीम 5 रन से मुकाबला हार बैठी।

मध्यक्रम की नाकामी ने मुश्किल में डाला श्रीलंक

इस मैच की बात करें तो श्रीलंका ए ने बेहतरीन गेंदबाज़ी का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान ए को सिर्फ 153 रन पर रोक दिया था। प्रमोद मदूशान ने 4 विकेट और ट्रवीन मैथ्यू ने 3 विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाज़ी को बड़ा झटका दिया। 154 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम ने तेज शुरुआत की और लसिथ क्रूसपुल्ले ने मात्र 7 गेंदों पर 27 रन ठोककर दबाव पाकिस्तान पर डाल दिया। इसके बाद हालमबगे ने 29 रन जोड़कर स्कोर को 74/2 तक पहुंचा दिया, जहाँ रन रेट भी 10 से ऊपर चल रहा था। इस स्थिति में श्रीलंका ए पूरी तरह मजबूत दिख रही थी, लेकिन इसके बाद शाहीन्स के गेंदबाज़ों ने शानदार पलटवार करते हुए पाकिस्तान की जोरदार वापसी करवाई और मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

इसके बाद शुरू हुआ श्रीलंका के विकेट गिरने का सिलसिला। सुफियान मुकीम ने आते ही अपने पहले ओवर में दो विकेट झटके। उसके बाद अगले ओवर में अहमद दानियाल ने कप्तान वेलालागे को पवेलियन भेज दिया। उसके बाद मुकीम ने दूसरे ओवर में एक और विकेट लिया और रमेश मेंडिस को क्लीन बोल्ड कर दिया। फिर साद मसूद आए और उन्होंने अराचचिगे और मदूशान को पवेलियन भेज दिया। 74 रन पर दो के बाद 99 पर गिर गए थे 8 विकेट। 25 रन में ही श्रीलंका के 6 विकेट गिर गए थे।

इसके बाद मिलान रत्नायका ने अपना जलवा दिखाया और अकेले दम पर मैच को आखिरी तक ले गए। लेकिन भाग्य उनके साथ नहीं था और एक फैसला सिर्फ श्रीलंका के लिए काल बन गया। 4 गेंद पर श्रीलंका ए को 8 रन चाहिए थे लेकिन वह एक गलत फैसले का शिकार हो गए। पाकिस्तान के 153 के जवाब में श्रीलंका ए की पूरी टीम 148 रन पर सिमट गई।

टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला अब फाइनल में

बांग्लादेश और पाकिस्तान की टीमें चाहे किसी भी स्तर पर आमने-सामने हों, क्रिकेट में दोनों की प्रतिद्वंद्विता हमेशा रोमांच से भरपूर रहती है। बांग्लादेश ए ने जिस अंदाज़ में भारत ए को हराया और बल्लेबाज़ी व गेंदबाज़ी दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन किया, उसके बाद अजेय चल रही पाकिस्तान शाहीन्स के लिए भी यह चुनौती आसान नहीं होने वाली। पाकिस्तान ए इस टूर्नामेंट को सबसे ज्यादा बार जीतने वाली टीम है, और अब 23 नवंबर (रविवार) को बांग्लादेश ए के खिलाफ उन्हें अपनी बढ़त को और मजबूत करने का मौका मिलेगा। फाइनल मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से दोहा के वेस्ट एंड पार्क में खेला जाएगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles