एनएसटी न्यूज, भोपाल। गौतम नगर में खेले जा रहे सारंग लीग बीडीसीए अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट में दो मुकाबले हुए। पहले मैच में यंगस्टर क्रिकेट अकादमी ने रायसेन को 8 विकेट से हराया। रायसेन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की, लेकिन टीम सिर्फ 52 रन पर सिमट गई। आयुष मीणा ने 22 रन बनाए। यंगस्टर अकादमी की ओर से आयात खान ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि अंश और मयंक ने 2-2 विकेट चटकाए। जवाब में यंगस्टर क्रिकेट अकादमी ने लक्ष्य को सिर्फ 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। उत्कर्ष ने 33 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। रायसेन की ओर से विनीत और इब्राहिम को एक-एक विकेट मिला। उम्दा गेंदबाजी के लिए आयात खान मैन ऑफ द मैच चुने गए। दूसरे मैच में अकीरा क्रिकेट अकादमी ने सिली प्वाइंट क्रिकेट अकादमी को 391 रन से मात दी। अकीरा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विशाल 427 रन बनाए। समर्थ ने 184 और उत्सव ने 125 रन की शानदारी पारियां खेलीं। लक्ष्य का पीछा करते हुए सिली प्वाइंट टीम 36 रन पर ऑल आउट हो गई। समर्थ ने 5 और उत्सव ने 3 विकेट लेकर मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन किया। समर्थ को मैन ऑफ द मैच चुना गया।


