नई दिल्ली: बीसीसीआई ने रविवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 30 नवंबर से शुरू होने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया। इस वनडे सीरीज में केएल राहुल को टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि रविंद्र जडेजा, ऋषभ पंत और ऋतुराज गायकवाड़ की वनडे टीम में वापसी हुई है।
इस वनडे सीरीज में शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर चोटिल होने की वजह से नहीं खेल रहे हैं। श्रेयस अय्यर भारत के लिए वनडे में चौथे नंबर पर बैटिंग करते हैं और उनकी जगह कौन खेलेगा, यह बड़ा सवाल बन गया है। अब टीम में तिलक वर्मा और ऋषभ पंत दोनों को चुना गया है, और चर्चा है कि दोनों में से कोई एक श्रेयस अय्यर की जगह नंबर 4 पर खेल सकता है। इस संदर्भ में, पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज इरफान पठान ने नंबर 4 के लिए सबसे परफेक्ट विकल्प का सुझाव दिया।
नंबर 4 के लिए तिलक वर्मा हो सकते हैं उपयुक्त विकल्प
भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि अगर तिलक वर्मा को साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में नंबर 4 पर मौका दिया जाए तो वह अच्छा कर सकते हैं। इरफान ने कहा कि इस साल सितंबर में पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2025 के फाइनल में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद तिलक की वैल्यू और बढ़नी चाहिए थी। उस फाइनल में तिलक ने नंबर 4 पर बैटिंग करते हुए नाबाद 69 रन की पारी खेली और टीम इंडिया को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
इरफान पठान ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि तिलक वर्मा पर नजर रखनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने T20 फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ मैच जिताया और एशिया कप में प्रेशर को अच्छी तरह संभाला। उन्होंने बताया कि मुझे लगा कि उस प्रदर्शन के बाद उनका स्टॉक बढ़ जाना चाहिए था। पठान ने कहा कि तिलक वनडे फॉर्मेट में बहुत अच्छा कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि मैं चाहूंगा कि वह टी20 में नंबर 3 पर खेलें, लेकिन अगर वनडे में नंबर 4 पर भी खेलते हैं तो यह ठीक है। उन्हें जमने में समय लगता है और वह प्रेशर को संभालने में माहिर हैं, जैसा कि हाल के प्रदर्शनों में देखा गया है। वह बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, विकेटों के बीच तेज़ दौड़ सकते हैं और प्रेशर में स्लॉग स्वीप जैसे शॉट्स का असरदार इस्तेमाल कर सकते हैं।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम
रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान व विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, ऋतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरेल।

