नई दिल्ली: साउथ अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी टेस्ट मैच की पहली पारी में कुलदीप यादव की पारी बेमिसाल रही। इस मैच में भारत के शीर्ष बल्लेबाजों के प्रदर्शन के बाद, कुलदीप ने मैदान पर टिककर जो धैर्य और तकनीक दिखाई, वह अन्य बल्लेबाजों के लिए एक महत्वपूर्ण उदाहरण है और उनसे सीख लेने योग्य है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहली पारी में कुलदीप ने एक गेंदबाज होते हुए भी एक परिपक्व बल्लेबाज की तरह से बैटिंग की और विरोधी टीम के गेंदबाजों को पानी पिला दिया। कुलदीप ने रन तो ज्यादा नहीं बनाए, लेकिन उन्होंने दिखा दिया की अगर आपके पास सही तकनीक है तो आप क्रीज पर टिक सकते हैं और बैटिंग कर सकते हैं।
कुलदीप यादव ने खेली सबसे लंबी पारी
साउथ अफ्रीका ने दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में 489 रन बनाए और इसके जवाब में भारतीय बैटिंग बिखर गई और टीम इंडिया 201 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह से साउथ अफ्रीका को 288 रन की बड़ी लीड मिल गई। पहली पारी में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा गेंद खेलने वाले खिलाड़ी कुलदीप यादव रहे। कुलदीप यादव ने 134 गेंदों का सामना किया और 3 चौकों के साथ 19 रन बनाए।
भारतीय टीम की पहली पारी में यशस्वी जायसवाल ने 97 गेंद, केएल राहुल ने 63 गेंद, साई सुदर्शन ने 40 गेंद, ध्रुव जुरेल ने 11 गेंद और ऋषभ पंत ने 8 गेंदों का सामना किया। वहीं, रविंद्र जडेजा और नितीश कुमार रेड्डी ने 18-18 गेंदें खेलीं। वॉशिंगटन सुंदर ने 92 गेंद खेलीं, बुमराह ने 17 और सिराज ने 6 गेंदों का सामना किया। इस पारी में भारत के लिए यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज्यादा 58 रन बनाए। साउथ अफ्रीका की तरफ से मार्को जानसेन ने सबसे ज्यादा 6 विकेट लेकर भारत की पारी को दबाया।

