नई दिल्ली: आईसीसी ने बुधवार, 26 नवंबर को इस हफ्ते की ताजा रैंकिंग जारी कर दी। पिछले हफ्ते नंबर 1 की पोजीशन खोने वाले रोहित शर्मा वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में फिर से शीर्ष पर पहुंच गए हैं। वहीं, टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में अभिषेक शर्मा अपनी दबदबा कायम रखते हुए टॉप पर बने हुए हैं। इसके अलावा, टी20 ऑलराउंडर्स की लिस्ट में एक पाकिस्तानी खिलाड़ी को झटका लगा है।
पिछले हफ्ते रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के डैरिल मिचेल से पीछे रह गए थे, लेकिन इस हफ्ते उन्होंने फिर से नंबर 1 पोजीशन पर कब्जा कर लिया और मिचेल को दूसरे स्थान पर धकेल दिया। रोहित के अलावा, शुभमन गिल वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में चौथे और विराट कोहली पांचवें स्थान पर हैं। अब रोहित और विराट दोनों 30 नवंबर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज में टीम इंडिया के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।
टीम इंडिया के पांच सितारे कायम किए नंबर 1 की रैंक
भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो अभिषेक और रोहित के अलावा टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में वरुण चक्रवर्ती नंबर 1 पर काबिज हैं। उनके अलावा टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह और टेस्ट ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में रविंद्र जडेजा नंबर 1 पर काबिज हैं। जबकि टीम रैंकिंग में भारत वनडे व टी20 की नंबर 1 टीम बनी हुई है। वहीं टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के बाद भारत चौथे स्थान पर है।
जिम्बाब्वे के कप्तान ने पाकिस्तानी स्टार को पीछे छोड़ा
टी20 ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में पाकिस्तान के सईम अय्यूब को पीछे धकेलते हुए जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने नंबर 2 का स्थान हासिल कर लिया है। वहीं टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान ने आठ पायदान की छलांग लगाकर टॉप 10 में प्रवेश किया और चौथे स्थान पर आ गए हैं।


