भारतीय महिला क्रिकेट विश्व कप टीम की अदृश्य नायिका – आकांक्षा सत्यवंशी

0

रायपुर (प्रियेश चौबे): ऐतिहासिक आईसीसी महिला क्रिकेट विश्वकप 2025 विजेता भारतीय टीम की विश्व कप जीत ने पूरे देश को उत्साहित कर दिया है। इस शानदार उपलब्धि के पीछे जहां खिलाड़ियों का जज़्बा और कौशल है, वहीं सपोर्ट स्टाफ के कई समर्पित चेहरे भी हैं, जिन्होंने इस जीत को संभव बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें एक नाम प्रमुखता से उभरकर सामने आता है – आकांक्षा सत्यवंशी, आकांक्षा का जन्म छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में 15 जून 1988 में हुआ स्कूली शिक्षा विश्वदीप सीनियर सेकंडरी स्कूल से हुई और फिर बाद में उच्च शिक्षा की वजह से वो और उनका परिवार रायपुर शिफ्ट हो गए| आकांक्षा ने फिजियोथेरेपी और माइक्रोबायोलॉजी में स्नातक की पढ़ाई पंडित जवाहर लाल नेहरू कॉलेज रायपुर से किया और फिर मास्टर्स की पढ़ाई के लिए कटक (ओडिशा) गईं।

शुरुआत में उनका सपना डॉक्टर बनने का था, लेकिन मेडिकल प्रवेश परीक्षा (पीएमटी) में चयनित नहीं हो पाई, तो उन्होंने फिजियोथेरेपी की दिशा चुन ली , जो आगे चलकर उनके लिए मुकाम साबित हुई। कई बार खिलाड़ी ही सुर्खियों में आते हैं, लेकिन स्पोर्ट्स में सपोर्ट स्टाफ – फिजियो, ट्रेनर, मेडीकल टीम का योगदान समान रूप से महत्वपूर्ण होता है। 2019 में, उन्होंने अपना पेशेवर सफर शुरू किया जब उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के साथ फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में काम करना शुरू किया। बीच में उन्हें भारत की सबसे बड़ी मेडिकल संस्थान ऐम्स के जॉब ऑफर आया लेकिन आकांक्षा को शुरू से ही 9 से 5 की जॉब में कोई रुचि नहीं थी इसलिए उन्होंने अपना क्रिकेट टीम के साथ फिजियो का काम जारी रखा और उनकी विशेषज्ञता, मेहनत और समर्पण जल्द ही सबके सामने आया और उन्हें केवल छह-सात महीने बाद राष्ट्रीय स्तर पर बुलाया गया। 2022 में, वे चयनित हुईं और भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के फिजियोथेरेपिस्ट बनीं। उस साल भी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।

फिर उनकी जिम्मेदारी बढ़ी, और वे वरिष्ठ महिला टीम की सपोर्ट स्टाफ की महत्वपूर्ण कड़ी बन गईं। आकांक्षा सत्यवंशी इस बात का उदाहरण हैं कि कैसे “मैदान के बाहर” की मेहनत, तैयारी, देखभाल और रिकवरी “मैदान पर” जीत में बदल जाती है। कैसे एक समर्पित, प्रशिक्षित और जागरूक फिजियो टीम को शारीरिक इतना मजबूत रख सकती है कि खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ दे सकें। कैसे नींव मजबूत हो, तो पूरी टीम सफलता की ऊँचाइयाँ छू सकती है ,खिलाड़ी अकेले नहीं, बल्कि पूरी टीम सपोर्ट स्टाफ मिलकर विजेता बनती है। आकांक्षा और उनकी टीम स्टाफ जिनकी मेहनत ने टीम को पूरे टूर्नामेंट में फिट और मजबूत बनाए रखा।फिजियो की भूमिका किसी भी स्पोर्ट्स टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है। आकांक्षा सत्यवंशी ने टूर्नामेंट के दौरान हर खिलाड़ी की शारीरिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए व्यक्तिगत उपचार और रिकवरी प्रोग्राम तैयार किए। मुश्किल मैचों के बीच खिलाड़ियों की थकान दूर करना, चोटों को संभालना, और उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से तैयार रखना – इन सभी जिम्मेदारियों को उन्होंने बेहतरीन तरीके से निभाया। विश्व कप जैसे टूर्नामेंट में हर खिलाड़ी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने की कोशिश करता है। चोट या दर्द का छोटा सा कारण भी टीम की रणनीति को प्रभावित कर सकता है। लेकिन आकांक्षा की पेशेवर समझ, शांत स्वभाव और त्वरित निर्णय क्षमता की वजह से भारतीय टीम बिना किसी बड़े फिटनेस संकट के टूर्नामेंट में आगे बढ़ती रही। उनकी वैज्ञानिक ट्रेनिंग और रिकवरी तकनीकों ने खिलाड़ियों को हर मैच में 100% फिटनेस के साथ मैदान पर उतरने में मदद की।

सपोर्ट स्टाफ का योगदान कैमरे की रोशनी से दूर रहता है, लेकिन उसके बिना कोई टीम बड़ी उपलब्धि हासिल नहीं कर सकती। आकांक्षा सत्यवंशी की कुशल कार्यशैली, समर्पण और फिटनेस मैनेजमेंट ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को लगातार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए जरूरी मजबूती प्रदान की। खिलाड़ियों की फुर्ती और पूरे टूर्नामेंट में चोटों की न्यूनतम संख्या इस बात का प्रमाण है कि फिजियो विभाग ने अपना काम बेहतरीन तरीके से किया| आकांक्षा केवल एक फिजियो नहीं, बल्कि उन युवाओं के लिए प्रेरणा हैं जो खेल विज्ञान, स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपी और फिटनेस के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं। उन्होंने यह दिखाया है कि खेल का हिस्सा सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं होते, बल्कि पर्दे के पीछे काम करने वाले विशेषज्ञ भी देश का गौरव बन सकते हैं।विश्व कप जीत भारतीय महिला टीम के लिए ऐतिहासिक क्षण है। यह सफलता सामूहिक प्रयास का परिणाम है – खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट टीम के बीच बेहतरीन तालमेल।इस जीत में आकांक्षा सत्यवंशी का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिन्होंने यह सुनिश्चित किया कि टीम फिट रहे, मजबूत रहे और विश्व मंच पर भारत का नाम रोशन करे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here