भोपाल ने पहले दिन मजबूत स्कोर खड़ा किया, कप्तान प्रारब्ध मिश्रा शतक पर नाबाद

0

एनएसटी न्यूज, भाेपाल।  फेथ ग्राउंड पर परमानंद भाई पटेल अंडर-22 इंटर डिविजनल चार दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को सागर और भोपाल डिवीजन के बीच मुकाबला शुरू हुआ। यह प्रतियोगिता मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा प्रदेश के कई शहरों में आयोजित की जा रही है। मैच की शुरुआत एमपीसीए ऑब्जर्वर और सीडीसी मेंबर पुनीत चतुर्वेदी की मौजूदगी में हुई। टॉस जीतकर भोपाल डिवीजन ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और पहले दिन का खेल खत्म होने तक टीम ने 90 ओवर में 5 विकेट पर 385 रन बना लिए। कप्तान प्रारब्ध मिश्रा शानदार बल्लेबाजी करते हुए 102 रन पर नाबाद लौटे। तनिष्क यादव शतक से एक रन दूर रह गए और 99 रन बनाकर आउट हुए। ओजस्व ने 66 रन, आयुष ने 37 और प्रियांशु प्राण ने 25 रन का योगदान दिया। सागर डिवीजन की ओर से अविरल सिंह और मयूर पाटिल ने 2-2 विकेट लिए, जबकि सिद्धार्थ ने 1 विकेट लिया। चार दिवसीय मुकाबले का दूसरा दिन गुरुवार को खेला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here